Morning Walk: सुबह जल्दी जागकर मॉर्निंग वॉक पर जाने की सलाह हर घर में हर व्यक्ति को मिली होगी। शायद ही कोई ऐसा परिवार होगा, जहां सेहतमंद बनने के लिए यह सलाह नहीं दी गई हो! लेकिन सिर्फ यही एक वजह नहीं है कि मॉर्निंग वॉक पर जाने को कहा जाता है। सुबह जल्दी उठने की आदत से दिन के कुछ घंटे बढ़ जाते हैं, जिससे आपके कई काम आसान हो सकते हैं। इसके अलावा यदि रिश्तों की मजबूती के नजरिए से सुबह की सैर को देखा जाए तो उसके नतीजे भी सकारात्मक होते हैं। सीधी-सी बात है कि भागम-भाग भरी इस जिंदगी में जो पति-पत्नी साथ में मॉर्निंग वॉक करते हैं, वे कहीं ज्यादा सुखी और सफल वैवाहिक जीवन बिता सकते हैं।
Relationship Tips: सेहत ही नहीं रिश्ते के लिए फायदेमंद है सुबह की सैर, जानिए कैसे
सुबह ताजगी से भरी होती है। जानकार कहते हैं कि मॉर्निंग वॉक से सिर्फ सेहत ही अच्छी नहीं रहती, बल्कि अगर कोई अनबन है तो सुबह की सैर आपके रिश्ते की सेहत को भी सुधार सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हैप्पी हार्मोन की सैर
‘ब्रेन, बिहेवियर एंड इम्यूनिटी हेल्थ जर्नल’ की रिपोर्ट के अनुसार, जो कपल 10 सेकंड तक एक-दूसरे को गले लगाते हैं, उनकी इम्यूनिटी बढ़ती है। एक-दूसरे से दिल की बात करने से एडेनोसाइन और डोपामाइन जैसे हैप्पी हार्मोन रिलीज होते हैं, जो उन्हें मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हैं। हेल्दी रिलेशनशिप से प्रोडक्टिविटी बढ़ती है, साथ ही जिंदगी को कामयाब बनाने के लिए प्रेरणा मिलती है।
‘हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू’ में छपे एक सर्वे में भी यह बात साबित हुई कि जो पति-पत्नी अपने रिश्ते से खुश होते हैं, उन्हें तरक्की जल्दी मिलती है। आप भी अपने रिश्ते में ताजगी को बरकरार रखने के लिए पार्टनर के साथ मॉर्निंग वॉक पर जा सकती हैं या घर में रहकर साथ में एक्सरसाइज कर सकती हैं। कई शोध बताते हैं कि सुबह की सैर हैप्पी हार्मोन का स्राव बढ़ाती है। मॉर्निंग वॉक पर जाने से सेहत बेहतर होती है और आपको अपने पार्टनर के साथ समय बिताने का मौका मिल जाता है।
अमेरिकी लेखक हेल एलरोड ने इस विषय पर एक किताब लिखी ‘द मॉर्निंग मिरेकल’। इसमें उन्होंने सुबह जल्दी जागने को लेकर कई अच्छी आदतों के बारे में बताया है। इस किताब का मूल मंत्र है- कैसे रोजना सुबह ऊर्जा, प्रेरणा और फोकस के साथ जागें, ताकि जीवन को बेहतर बनाया जा सके। आज हर इंसान तनाव से घिरा है। उसे कई तरह के तनाव हमेशा घेरे रहते हैं। ऐसे में ‘हैप्पी रिलेशनशिप’ का होना बेहद जरूरी है। जहां तक पति-पत्नी के बीच रिश्ते की बात है तो यह मजबूत होता है एक-दूसरे का साथ देने और सम्मान करने से। तभी तो कहते हैं कि फिजिकल टच से ज्यादा जरूरी है दिल के तारों का जुड़ना और यह तभी संभव है, जब आप सुबह जल्दी जागकर गोल्डन टाइम साथ बिताएं। इस समय आप भावनात्मक रूप से एक-दूसरे को अपने करीब महसूस करेंगे।
दोस्ती का रिश्ता
शादी के बाद जरूरी नहीं कि हसबैंड और वाइफ वाले रिश्ते को ही स्वीकारा जाए। दोनों के बीच दोस्ती का रिश्ता भी हो सकता है। दोस्ती में एक-दूसरे की भावनाओं का ज्यादा ख्याल रखा जाता है। लेकिन जब तक पति-पत्नी एक-दूसरे को बेहतर तरीके से नहीं समझेंगे, उनकी दोस्ती की डोर मजबूत नहीं होगी। इसलिए पूरा दिन अच्छी तरह से गुजरे, इसके लिए दिन की शुरुआत अच्छी करनी होगी।
अमेरिका के ‘यूएन नेशनल हेल्थ इंटरव्यू सर्वे’ के अनुसार, खुशहाल शादीशुदा जोड़े दूसरों के मुकाबले ज्यादा समय जीते हैं। ‘इंटरनेशनल डेटा कॉर्पोरेशन’ के अनुसार, 80 प्रतिशत लोग सुबह उठने के 10 से 15 मिनट बाद सबसे पहले मोबाइल उठाते हैं। अध्ययन में यह भी पाया गया कि लोग ज्यादातर समय फोन पर टेक्सटिंग, ई-मेल और सोशल मीडिया चेक करते हुए बिता देते हैं। सुबह जागते ही सबसे पहले मोबाइल देखना कि किसका मैसेज आया, किसने क्या लिखा, किसने गुड मॉर्निंग किया, इससे सुबह का समय खराब हो जाता है। सुबह का समय दिन का सबसे महत्वपूर्ण वक्त होता है। इस समय व्यक्ति सबसे ज्यादा तरोताजा होता है। सुबह के समय जो भी सोचा जाता है, वह दिमाग में जीवंतता के साथ बैठ जाता है और उसी सोच के साथ पूरा दिन बीतता है।
व्यस्तता का असर
सुबह का समय बातचीत करने के लिए सबसे अच्छा होता है, क्योंकि यह दिन की शुरुआत होती है और पति-पत्नी, दोनों ही मानसिक रूप से ताजगी महसूस करते हैं। सुबह का समय आरामदायक होता है, जब कोई व्यस्तता या थकान नहीं होती, जिससे बातचीत में सहजता आती है। इस समय एक-दूसरे से प्यार और समझ से भरी बातों को साझा किया जा सकता है, जो रिश्ते को मजबूत बनाती हैं।
यह समय एक-दूसरे के विचारों और भावनाओं को समझने, घर के कामों के लिए योजनाएं बनाने, बच्चों के बारे में बात करने और दिन की शुरुआत अच्छे तरीके से करने के लिए आदर्श होता है। वक्त के साथ लोगों की जिंदगी में जिस तरह की व्यस्तता आ रही है, उसका सीधा असर आपसी रिश्तों पर भी पड़ने लगा है। नजदीकी रिश्ते भी इस व्यस्तता से प्रभावित हो रहे हैं, जिनके बारे में कभी सोचा नहीं जाता था। ऐसे में सुबह की सैर आपको एक-दूसरे के करीब आने का मौका देती है।
बात-संवाद
साफ कहें तो पति-पत्नी के बीच संवादहीनता होने से उनके रिश्ते की डोर कमजोर पड़ने लगती है और दूसरे रिश्तों में भी तनाव बढ़ जाता है। दोनों के बीच गलत-फहमियां बढ़ीं नहीं कि रिश्ते की दीवारें दरकने लगती हैं। इसे सुधारने का एक ही तरीका है कि पति-पत्नी को साथ गुजारने के लिए अधिक समय मिले। यदि आपके लिए काम के घंटों, ट्रेवल टाइम और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच समय निकालना आसान नहीं तो आप मॉर्निंग वॉक का सहारा ले सकती हैं। इससे न सिर्फ आपकी जिंदगी आसान होगी, बल्कि आपके रिश्ते को भी मजबूती मिलेगी और यह तभी संभव है, जब सुख निद्रा का त्याग करके अलसुबह जाग जाए और मॉर्निंग वॉक पर निकला जाए।
सुबह की सैर न सिर्फ सेहत के लिए, बल्कि इमोशनल बॉन्डिंग के लिए भी अच्छी है। यह पति-पत्नी के लिए साथ समय बिताने का एक अच्छा बहाना भी है। जब दोनों सुबह साथ में सैर करेंगे तो निश्चित रूप से वे ज्यादा करीब आएंगे और उन्हें कई ऐसे मुद्दों पर बातचीत का समय मिलेगा, जो वे समय की कमी की वजह से कर नहीं पाते हैं।