Solo Travel Safety Tips: पर्यटन और भ्रमण आजकल लोगों के लिए शौक के साथ ही दुनिया को जानने-समझने का जरिया भी बन गया है। कई लोगों ने तो इसे बकायदा रोजगार और करियर का जरिया भी बनाया है। यही नहीं अब महिलाएं भी बड़ी संख्या में अकेले पर्यटन पर निकल रही हैं और इसका आनंद ले रही हैं। देश हो या विदेश, युवतियां ही नहीं 50 और इससे अधिक वर्ष तक कि महिलाएं भी अब ग्रुप्स में या अकेले भी सैर पर जाना पसंद करने लगी हैं। केवल फैमिली के साथ घूमना अब कोई शर्त नहीं रह गया है। यह रोजमर्रा के रूटीन से कुछ अलग करने से भी जुड़ा है और अपनी जिंदगी को अपने हिसाब से जीने से भी। दुनिया के वर्चुअल हो जाने की वजह से आजकल हालांकि जाने-आने, ठहरने, खाने आदि सम्बन्धी सुविधाएं भी सभी जगह उपलब्ध होती हैं और आसानी से पहुंच में भी होती हैं, लेकिन फिर भी कुछ बातों का ध्यान रखकर आप अपनी यात्रा को और खुशनुमा और आनंददायक बना सकती हैं। खासकर अगर आप सोलो ट्रैवल कर रही हैं तो।
Solo Travel Safety Tips: अकेले सफर पर जा रही हर महिला को इन बातों का रखना चाहिए खास ख्याल
सफर पर अकेले हों तो रखें इन बातों का ध्यान
जगह को चुनते समय ध्यान रखें। किसी भी पर्यटन स्थल को सिर्फ इसलिए न चुनें कि आपका कोई परिचित वहां गया था या फोटोग्राफ में वह जगह अच्छी दिखती है। इसकी बजाय ट्रिप से पहले पूरी स्टडी करें। क्या आपकी पसंद और सुविधा के लिहाज से वो जगह ठीक है। वहां जाने के लिए कौन सा मौसम ठीक रहेगा और सोलो ट्रैवलिंग के लिहाज से वहां क्या सुविधाएं मिल सकती हैं।
स्मार्ट वाॅलेट जरूरी
लगेज को उतना ही भरें जितना आप उठा कर मुश्किल समय में भाग भी सकती हों। स्मार्ट वॉलेट से काम लें। मतलब कैश कम, कार्ड से काम ज्यादा लें। यदि आप विदेश जा रही हैं तो कुछ करंसी वहां की भी रखें और वहां के स्थानीय मोड़ ऑफ पेमेंट्स भी फोन में डाउनलोड करके रखें।
जगह के मुताबिक जरूरत की चीजें
आप चाहे बीच पर जाएं या पहाड़ पर, हर जगह पर मौसम और स्थिति के लिहाज से कुछ चीजों की जरूरत होती है। जैसे बीचवेयर या बर्फ में पहने जाने वाले बूट्स। ऐसे में अक्सर लोग इन्हें खरीदकर साथ ले जाते हैं। अगर आप एक्स्ट्रा लगेज और चीजें सम्भालने के झंझट से बचना चाहती हैं, तो उन जगहों पर बेस्ट किराए के साधनों की खोज पहले से करके रखें। इसके लिए स्थानीय होटल या दुकानों से भी राय ली जा सकती है। अगर आपको हाइजीन को लेकर चिंता है तो उक्त साधनों को एक दिन पहले से लेकर सेनेटाइज कर लें और फिर इस्तेमाल करें। बीच वेयर को तो आसानी से धोकर सुखाया जा सकता है।
मोबाइल में बैलेंस
अपनी मोबाइल सिम को जगह के हिसाब से प्रीपेड बैलेंस और डाटा के साथ तैयार रखें। कोशिश करें कि हर जगह का वाई फाई यूज़ न करना पड़े। अगर कहीं वाई फाई न भी हो तो आपका मोबाइल डाटा काम आ सकता है। इसके लिए सबसे बेहतर कनेक्टिविटी वाली सिम और प्लान चुनें।
ट्रैवल की जानकारी सोशल मीडिया पर न करें शेयर
अपने सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर दो बातों की सतर्कता रखें। पहली यह कि आपके जाने और वापस आने की दिनांक और समय, आवागमन, होटल आदि की जानकारी यहाँ पहले से न डालें। डालना ही चाहें तो घूम कर आने के बाद डाल सकती हैं। फोटोग्राफ्स को लेकर भी यही बात ध्यान में रखें। दूसरे अगर आपके कोई अच्छे मित्र या परिचित सोशल मीडिया पर स्थानीय जगह से हैं तो उनसे ऑफलाइन उस जगह के बारे में राय जरूर लें।
बैग को रखें साथ
हवाई यात्रा हो या ट्रेन का सफर, अपने केबिन लगेज या छोटे बैग्स को हमेशा अपने साथ ज़िपलॉक करके ही रखें, खुला न छोड़ें। अन्यथा जरा सा ध्यान चूकने पर यह आपके लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है।
जगह की पूरी जानकारी
जिस भी जगह जा रही हैं वहां के लोकल ट्रांसपोर्ट, लैंग्वेज और खान पान की पूरी जानकारी लें। कम से कम जरूरी शब्द जैसे हेल्प, बाथरूम, खाना, होटल, पुलिस स्टेशन आदि को लोकल लैंग्वेज में क्या कहते हैं यह ध्यान रखें। अपने खानपान की आदत (शाकाहारी-मांसाहारी) के हिसाब से उस जगह पर ऑप्शन ढूंढ कर रखें।
किसी अनजान पर न करें विश्वास
किसी पर भी आंख मूंदकर भरोसा न करें। खासकर किसी के घर पर रुकने, खाना खाने या लिफ्ट लेने जैसे मामलों में। अगर ऐसा करना भी पड़े तो अपने साथ बेसिक सुरक्षा उपकरण जैसे पेपर स्प्रे, छोटा चाकू आदि जरूर रखें और किसी भी जगह जाते समय लोकेशन व नाम आदि अपने परिवार से शेयर जरूर करें।

कमेंट
कमेंट X