Festive Fitness Challenge: त्योहार में काम, भाग-दौड़, व्यस्तता और वसायुक्त भोजन आदि जीवनशैली का हिस्सा बन जाता है। ऐसे में त्योहारों में स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं भी बढ़ जाती हैं। लेकिन त्योहारों से पहले अगर आप एक आसान फिटनेस रूटीन को अपना लें और आदत में शामिल कर लें तो त्योहारों में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।
20 अक्तूबर 2026 को दशहरा मनाया जा रहा है। इस वर्ष दशहरा से पहले क्यों न अपनी सेहत को प्राथमिकता देते हुए फिटनेस की नई शुरुआत की जाए। त्योहारों के दौरान व्यस्त दिनचर्या, खानपान में बदलाव और शारीरिक गतिविधियों की कमी के बीच योग आपको एक्टिव रहने और मानसिक शांति पाने में मदद कर सकता है। इसके लिए आपको जिम जाने की जरूरत नहीं है। घर पर ही रोजाना कुछ मिनट निकालकर 7 दिन का योग चैलेंज शुरू कर सकते हैं।
पहले दिन से सातवें दिन तक अपनाएं योग रूटीन
दिन 1: 5 मिनट गहरी सांस लेने और हल्के स्ट्रेचिंग से शुरुआत करें।
दिन 2: ताड़ासन और वृक्षासन जैसे आसान योगासन का अभ्यास करें।
दिन 3: मार्जरी आसन यानी कैट-काउ स्ट्रेच से शरीर को आराम दें।
दिन 4: अपनी क्षमता के अनुसार हल्के सूर्य नमस्कार का अभ्यास करें।
दिन 5: बालासन और सुखासन के जरिए शरीर को आराम देने पर ध्यान दें।
दिन 6: हल्की स्ट्रेचिंग के साथ अनुलोम-विलोम का अभ्यास करें।
दिन 7: अपने पसंदीदा आसान योगासन दोहराएं और नियमित अभ्यास का संकल्प लें।
योग के साथ अपनाएं ये अच्छी आदतें
योग के साथ पर्याप्त नींद लें, संतुलित भोजन करें और दिनभर पानी पीते रहें। शुरुआत अपनी क्षमता के अनुसार करें और किसी भी आसन में दर्द या असहजता होने पर रुक जाएं। उच्च रक्तचाप, गर्भावस्था या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में उपयुक्त अभ्यास के लिए विशेषज्ञ से सलाह लें। इस दशहरा सिर्फ उत्सव ही नहीं, बल्कि स्वस्थ दिनचर्या की शुरुआत का भी संकल्प लें।