{"_id":"69bd63d4ca5c97c9310b9f6b","slug":"255-mbbs-seats-to-be-added-in-punjab-22-critical-care-blocks-to-be-built-four-new-medical-colleges-2026-03-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंजाब में MBBS की 255 सीटें बढ़ेंगी: 22 क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनेंगे, चार नए मेडिकल कॉलेज और नर्सों की भर्ती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पंजाब में MBBS की 255 सीटें बढ़ेंगी: 22 क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनेंगे, चार नए मेडिकल कॉलेज और नर्सों की भर्ती
मोहित धुपड़, चंडीगढ़
Published by: Ankesh Kumar
Updated Sat, 21 Mar 2026 05:42 AM IST
विज्ञापन
सार
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि चार नए मेडिकल कॉलेजों का रास्ता साफ हो चुका है, जबकि संगरूर में प्रस्तावित पांचवें मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन इसी माह चिह्नित कर ली जाएगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान।
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
पंजाब सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है। इसी कड़ी में राज्य के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 255 सीटें बढ़ाने और 22 क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाने का फैसला लिया गया है।
Trending Videos
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि चार नए मेडिकल कॉलेजों का रास्ता साफ हो चुका है, जबकि संगरूर में प्रस्तावित पांचवें मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन इसी माह चिह्नित कर ली जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
राज्य में बनने वाले 22 क्रिटिकल केयर ब्लॉक में प्रत्येक की क्षमता 50 बिस्तरों की होगी और इन्हें नवंबर तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। ये ब्लॉक गंभीर मरीजों के इलाज में अहम भूमिका निभाएंगे।
सरकारी अस्पतालों में जल्द ही 672 नर्सों की भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार बीते चार वर्षों में 300 नर्सिंग स्टाफ, 250 फार्मासिस्ट और 948 सामान्य व 625 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जा चुकी है, जो कुल स्वीकृत पदों का लगभग 35 प्रतिशत है।
इसी वर्ष अमृतसर, फरीदकोट, मोहाली और पटियाला के सरकारी अस्पतालों में पीईटी स्कैन सुविधा शुरू की जाएगी। यह जांच कैंसर, हृदय और मस्तिष्क संबंधी बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की पहचान में मददगार है। इसके अलावा 250 बिस्तरों की क्षमता वाले सात नए मदर एंड चाइल्ड हेल्थ केयर अस्पताल भी तैयार किए जा रहे हैं।
नए मेडिकल कॉलेजों की स्थिति
कपूरथला और होशियारपुर में मेडिकल कॉलेजों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द निर्माण शुरू होगा। मलेरकोटला में जमीन खरीदी जा चुकी है और औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। लहरगागा में एक सामाजिक संस्था मेडिकल कॉलेज संचालित करेगी, जिसके लिए भवन सौंपा जा चुका है। संगरूर में साइट चयन प्रक्रिया जारी है।
किन कॉलेजों में बढ़ेंगी सीटें
फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में 100, डीएमसी लुधियाना में 50 और ईएसआईसी लुधियाना में 50 एमबीबीएस सीटें बढ़ेंगी। पीजी में अमृतसर में 15, पटियाला में 8, मोहाली में 4, फरीदकोट में 20 और होमी भाभा कैंसर अस्पताल न्यू चंडीगढ़ में 8 सीटें बढ़ेंगी।
आम आदमी क्लीनिक का विस्तार
राज्य में फिलहाल 883 आम आदमी क्लीनिक संचालित हैं। 28 मार्च तक 100 नए क्लीनिक शुरू किए जाएंगे, जबकि 400 और खोलने की घोषणा की गई है। इन क्लीनिकों में 47 टेस्ट और 107 दवाएं मुफ्त मिलती हैं। अब तक 5 करोड़ से अधिक ओपीडी हो चुकी हैं।