सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   Crime in Punjab gunfire Rising murders gang wars punjab government

गोलियों की गूंज से दहलता पंजाब: बढ़ती हत्याओं और गैंगवार से दहशत, सरकार के अभियान के बावजूद चुनौती बरकरार

राजिंद्र शर्मा, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: निवेदिता वर्मा Updated Mon, 16 Feb 2026 09:35 AM IST
विज्ञापन
सार

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की हालिया रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023 में पंजाब में हत्या के 681 मामले दर्ज हुए, जिनमें 718 लोगों की जान गई। यानी औसतन हर दिन दो लोगों की हत्या। हत्या दर 2.2 प्रतिशत रही, जो राष्ट्रीय औसत (2%) से अधिक है।

Crime in Punjab gunfire Rising murders gang wars punjab government
सूटकेस में मिली थी युवती की लाश। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

पंजाब में अपराधियों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि कानून का डर सड़कों से गायब होता दिख रहा है। दिनदहाड़े गोलियां चल रही हैं, सार्वजनिक स्थलों पर कत्ल हो रहे हैं और गैंगवार खुलेआम चुनौती बनकर सामने आ रहे हैं। 

Trending Videos


आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। सरकार ने ‘गैंगस्टर पर वार’ और ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ जैसे अभियान जरूर शुरू किए हैं, लेकिन हकीकत यह है कि गोलियों की आवाज थम नहीं रही और कानून व्यवस्था कठघरे में खड़ी नजर आ रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बीते कुछ दिनों की घटनाएं हालात की गंभीरता बयान करती हैं। जालंधर के मॉडल टाउन में गुरुद्वारे के बाहर आप नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। 

तरनतारन में लॉ कॉलेज के छात्र ने एकतरफा प्यार में सहपाठी की गोली मारकर हत्या कर खुद भी जान दे दी। बठिंडा में लाल सूटकेस में युवती का शव मिला। फरीदकोट और नाभा में आपसी रंजिश व पारिवारिक विवाद में हत्याएं हुईं। गढ़शंकर में बुजुर्ग महिला को गोलियों से भून दिया गया, जबकि नाभा में एक पुलिस मुलाजिम पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

सीमा पार से हथियारों की तस्करी बनी बड़ी चुनौती

पंजाब की पाकिस्तान से लगती 553 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा सुरक्षा एजेंसियों के लिए लगातार चुनौती बनी हुई है। गुरदासपुर, पठानकोट, तरनतारन, अमृतसर, फिरोजपुर और फाजिल्का जैसे सीमावर्ती जिलों में ड्रोन के जरिए हथियारों और नशे की तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने वर्ष 2025 में पश्चिमी कमान के तहत 380 किलोग्राम से अधिक हेरोइन, 200 से ज्यादा हथियार, 278 ड्रोन जब्त किए और 53 पाकिस्तानी घुसपैठियों/तस्करों को गिरफ्तार किया। एके-47, एके-56, विदेशी राइफलें और आरडीएक्स की बरामदगी बढ़ना भी चिंता का विषय है।

ऑपरेशन प्रहार 2.0: 72 घंटे में 3260 गिरफ्तार

राज्यभर में चलाए गए ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत 7,498 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 3,260 को गिरफ्तार किया गया। इनमें 135 घोषित अपराधी (पीओ) शामिल हैं। पुलिस ने 47 हथियार, 4.8 किलो हेरोइन, 3.6 किलो अफीम, 42,797 नशीली गोलियां, 68 किलो भुक्की और 30 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। करीब 12 हजार कर्मचारियों वाली 2,000 से अधिक पुलिस टीमों ने यह अभियान चलाया।

गैंगस्टर पर वार: 9244 गिरफ्तार

प्रदेश में चल रहे ‘गैंगस्टर पर वार’ अभियान के तहत अब तक 9,244 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालिया कार्रवाई में 232 गिरफ्तारियां, 7 भगोड़े अपराधियों की धरपकड़ और 89 के खिलाफ रोकथाम कार्रवाई की गई।

स्थिति गंभीर, सख्ती जरूरी: एसएस विर्क

पंजाब के पूर्व डीजीपी एसएस विर्क ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हत्या और लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, ऐसे में पुलिस की भूमिका बेहद अहम हो जाती है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा नियमित गश्त से ही अपराधियों में डर पैदा किया जा सकता है। विर्क ने याद दिलाया कि पंजाब पहले भी आतंकवाद जैसे कठिन दौर से गुजर चुका है और पुलिस ने दृढ़ कार्रवाई से हालात संभाले थे। उन्होंने अवैध हथियारों की बढ़ती तस्करी पर चिंता जताते हुए सीमा पर सख्त निगरानी की जरूरत बताई।

गुरुद्वारे के बाहर आप नेता की हत्या
जालंधर में छह फरवरी को मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारे के बाहर आप नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह मत्था टेककर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ आठ से दस राउंड फायरिंग की। सीसीटीवी फुटेज में वारदात कैद हुई। बताया गया कि हमलावरों ने थार में जा रहे लक्की पर नजदीक से गोलियां चलाईं, जिनमें कुछ उनके सीने और सिर में लगीं। लक्की ओबेरॉय पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके थे।

तरनतारन में सरपंच की हत्या
तरनतारन के गांव चीमा खुर्द में आप के सरपंच गुरभेज सिंह की तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोप पूर्व सरपंच और उसके साथियों पर लगे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एकतरफा प्यार में छात्रा की हत्या, फिर खुदकुशी
तरनतारन के माई भागो लॉ कॉलेज में नौ फरवरी को छात्र प्रिंसराज सिंह ने सहपाठी संदीप कौर को गोली मार दी और कुछ सेकंड बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना से कॉलेज परिसर में दहशत फैल गई।

बठिंडा में सूटकेस में मिला युवती का शव
बठिंडा में लाल सूटकेस में युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। गांव के पास खाली स्थान पर पड़े सूटकेस को लावारिस कुत्ते खींच रहे थे। मृतका की पहचान मोगा जिले के बाघापुराना की मलिका के रूप में हुई है।

जागो कार्यक्रम में विवाद, दोस्त की हत्या
फरीदकोट के चांद मैरिज पैलेस के बाहर विवाह समारोह के दौरान कहासुनी के बाद दो युवकों ने अपने दोस्त दिलप्रीत सिंह (28) पर किरच से वार कर हत्या कर दी।

नाभा में भाई ने भाई को मारा
पटियाला के नाभा ब्लॉक के गांव जस्सोमाजरा में बड़े भाई ने छोटे भाई संदीप सिंह उर्फ दीपू (32) की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। पारिवारिक विवाद को कारण माना जा रहा है।

गढ़शंकर में बुजुर्ग महिला की गोली मारकर हत्या
गढ़शंकर के गांव महिंदवानी गुजरां में 62 वर्षीय रचना देवी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह सुबह धार्मिक स्थल से लौट रही थीं।

पुलिस कर्मी पर हमला, मौत
नाभा में पांच-छह हमलावरों ने कांस्टेबल अमनदीप सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। वह ऑफिसर कॉलोनी पुलिस चौकी में तैनात थे।

अन्य प्रमुख हत्याएं

  • मोहाली के सोहाना में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान प्रमोटर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की गोली मारकर हत्या।
  • लुधियाना में कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल सिंह की हत्या।
  • कपूरथला के ढिलवां में खिलाड़ी हरदीप सिंह की हत्या।
  • लुधियाना के जमालपुर में प्रदीप बिल्ला की गोली मारकर हत्या।


पुलिस ने प्रदेश में गोलीबारी के 80 से ज्यादा मामलों में जांच की है, जिनमें 216 शूटर की संलिप्तता थी। पुलिस ने इनमें से 160 शूटरों को पकड़ लिया है जबकि बाकी शूटरों को पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी तरह गैंगस्टर पर वार अभियान चलाकर गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है जबकि ऑपरेशन प्रहार के तहत भी वांछित अपराधियों को पकड़ा जा रहा है। इसमें 10 हजार से अधिक व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। -गौरव यादव, डीजीपी, पंजाब

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed