तरनतारन में रेलवे गेट पर फायरिंग: गैंगस्टरों के डर में बेगुनाहों पर बरसाईं गोलियां, एक की मौत, दो गंभीर
बुधवार को आढ़ती मनजीत सिंह कट्टा ने पीछे आ रही कार पर गोलियां चलाईं। उसे गैंगस्टरों के शूटर होने का संदेह था। इस फायरिंग में तीन युवक घायल हुए। गुरसेवक सिंह की मौत हो गई, जबकि हरकीरत सिंह और साजन सिंह गंभीर हैं।
विस्तार
जिले के खेमकरण क्षेत्र में बुधवार को गैंगस्टरों की धमकियों से सहमे एक आढ़ती ने पीछे आ रही कार में सवार लोगों को शूटर समझकर गोलियां चला दीं। रेलवे गेट के पास हुई इस फायरिंग में तीन युवक घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गुरसेवक सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, हरकीरत सिंह और साजन सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मनजीत सिंह कट्टा के रूप में हुई है, जो आढ़ती होने के साथ ट्रांसपोर्ट का कारोबार भी करता है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पीछे आ रही कार को शूटर समझकर की फायरिंग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मनजीत सिंह कट्टा अपनी पत्नी के साथ घरियाला मंदिर में माथा टेकने के बाद कार से खेमकरण लौट रहा था। रास्ते में मेहंदीपुर गांव के चौराहे के पास उसके पीछे एक अन्य कार आ रही थी। कट्टा को संदेह हुआ कि उस कार में गैंगस्टरों के शूटर सवार हैं। इसी आशंका के चलते उसने रेलवे गेट के पास पीछे आ रही कार को रुकवाकर उस पर फायरिंग कर दी।
गोलियां लगने से कार में सवार गुरसेवक सिंह, हरकीरत सिंह और साजन सिंह घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान गुरसेवक सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है।
कई दिनों से मिल रही थीं गैंगस्टरों की धमकियां
बताया जा रहा है कि मनजीत सिंह कट्टा को पिछले कई दिनों से गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिल रही थीं। अपनी सुरक्षा को लेकर उसने पुलिस की मदद भी ली हुई थी। उसकी सुरक्षा के लिए एक पुलिस कांस्टेबल तैनात था और उसने निजी बाउंसर भी रखे हुए थे।
आरोपी का कहना है कि उसे जबरन वसूली में शामिल लोगों से खतरा था और इसी कारण वह आशंकित था। हालांकि, धमकियों के चलते पैदा हुई आशंका के आधार पर किसी अन्य व्यक्ति पर गोली चलाने को उचित नहीं ठहराया जा सकता।
एसएसपी बोले- शक के आधार पर गोली चलाना बर्दाश्त नहीं
एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने कहा कि केवल संदेह के आधार पर किसी व्यक्ति पर फायरिंग करना गंभीर मामला है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। डीएसपी अतुल सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम, फायरिंग में शामिल लोगों की भूमिका और अन्य संबंधित पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।