'पंजाब पानी में डूबा, सीएम मान गम में': विपक्ष के नेता बाजवा बोले-75 साल में सबसे निकम्मी सरकार और मुख्यमंत्री
पंजाब पानी में डूबा है और मुख्यंत्री भगवंत मान गम में डूबे हुए हैं। यह कहना है पंजाब कांग्रेस के सीनियर लीडर व विधानसभा विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा का।

विस्तार
पंजाब के हालातों पर विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर कई आरोप लगाए हैं। पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि हम (कांग्रेस) पहले से ही मजबूत हैं और आगे और भी मजबूत होंगे। 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब के लोगों ने बदलाव का मन बना लिया है। पंजाब में जो नया दल (आप) आया है, उसे लोगों ने देख लिया है कि यह पिछले 75 वर्षों की सबसे निकम्मी सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान हैं। बाजवा ने आरोप लगाया कि पंजाब में दिल्ली वालों ने कब्जा कर रखा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में इन दिनों जो हालात बने हुए हैं वह सरकार की नाकामी है। भगवंत मान गम में और पंजाब पानी में डूबा हुआ है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक रहे वैभव कुमार सुपर सीएम बने हुए हैं। पंजाब में आधे सरकारी विभाग मनीष सिसोदिया चला रहे हैं और आधे विभाग सत्येंद्र जैन चला रहे हैं। बाजवा ने कहा कि पंजाब में गैर पंजाबी राज कर रहे हैं। गवर्नर राज सुना था, लेकिन पंजाब में तो अब सारा काम ही दिल्ली वालों के हाथ में है।
#WATCH | दिल्ली: पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, "हम पहले से ही मज़बूत हैं और आगे और भी मज़बूत होंगे। पंजाब के लोगों ने बदलाव का मन बना लिया है। पंजाब में जो नया दल आया है, उसे लोगों ने देख लिया है कि यह पिछले 75 साल की सबसे निकम्मी सरकार और… pic.twitter.com/IPLLD9Un4Q
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 25, 2025
गंभीर आपराधिक आरोपों में गिरफ्तार और लगातार 30 दिन तक हिरासत में रहने पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों व मंत्रियों को पद से हटाने के प्रावधान वाला विधेयक पर प्रताप बाजवा ने कहा कि राजनीतिक दलों के नेताओं को लोग चुनते हैं। अगर केंद्र सरकार ने ही फैसला करने है तो लोगों ने सीएम व विधायक क्यों चुने हैं। यह लोकतंत्र का तौर तरीका नहीं है।