सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   Shiromani Akali Dal Save Punjab rally in Baghapurana

शिअद की पंजाब बचाओ रैली: सुखबीर बोले- कर्ज लेकर सरकार चला रही आप, बादल साहब ने ही शुरू की थी शगुन स्कीम

संवाद न्यूज एजेंसी, मोगा (पंजाब) Published by: Ankesh Kumar Updated Thu, 12 Mar 2026 03:36 PM IST
विज्ञापन
सार

मोगा के कस्बा बाघापुराना में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की ओर से पंजाब बचाओ रैली की गई। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर बादल ने आप सरकार पर जमकर जुबानी हमला किया। 

Shiromani Akali Dal Save Punjab rally in Baghapurana
मोगा के बाघापुराना में शिअद की रैली। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए रैलियां कर रही हैं। इसी कड़ी में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने मोगा के कस्बा बाघापुराना में वीरवार को पंजाब बचाओ रैली की। 

Trending Videos


रैली में शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल और वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ जिले की पूरी सीनियर लीडरशिप और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल ही एक ऐसी पार्टी है जो हमेशा पंजाब की जनता के हितों के लिए आवाज उठाती रही है। आज रैली में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी इस बात का सबूत है कि पंजाब के लोग अब किसी के बहकावे में नहीं आने वाले।
विज्ञापन
विज्ञापन


मजीठिया ने कहा कि हाल ही में हुए जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में बाघापुराना हलके के लोगों ने झाड़ू वाले उम्मीदवारों को जवाब देते हुए शिअद को समर्थन दिया है। पिछले 10 दिनों से पंजाब विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है, जो प्रदेश के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लेकिन मौजूदा सरकार के विधायक बयानबाजी कर सत्र का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाया जा सके। जब अकाली दल और कांग्रेस की सरकारें थीं, तब बजट सत्र शांतिपूर्वक चलता था क्योंकि बजट जनता से जुड़ा अहम विषय होता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पंजाब के हितों के लिए सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए ताकि पंजाब को बचाया जा सके।

वहीं, पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की यह पंजाब बचाओ मुहिम की 13वीं रैली है। आज बाघापुराना में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे हैं। मोगा में पहले झाड़ू वालों की रैली हुई थी और अब बीजेपी भी रैली करने जा रही है, लेकिन आज की रैली में अकाली दल के कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली है। सुखबीर बादल ने कहा कि उनकी राजनीतिक शुरुआत फरीदकोट से सांसद का चुनाव लड़ने से हुई थी और उस समय मोगा के लोगों ने उनका पूरा साथ दिया था। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की सरकार के समय प्रकाश सिंह बादल ने मोगा जिले में काफी विकास कार्य करवाए थे। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, सड़कें और बिजली व्यवस्था जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट उस समय शुरू किए गए थे।

सुखबीर बादल ने कहा कि पिछले करीब 10 साल में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों ने पंजाब को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की मौजूदा सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है और राज्य में फिरौती, हत्याओं और गैंगस्टर गतिविधियों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के मुद्दे, गैंगस्टरवाद और बेअदबी जैसे मामलों को लेकर पहले बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद इन मुद्दों को भुला दिया गया। अब पंजाब में नशा खुलेआम बिक रहा है और सरकार इस पर काबू पाने में नाकाम रही है। सुखबीर बादल ने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां सिर्फ शिरोमणि अकाली दल को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन अब पंजाब के लोग फिर से अकाली दल के समर्थन में आ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के पास आम जनता को राहत देने के लिए पैसा नहीं है, जबकि राज्य का पैसा दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार पर खर्च किया जा रहा है। पंजाब की सरकार दिल्ली से चलाई जा रही है। महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने का वादा पिछले चार साल तक पूरा नहीं किया गया, लेकिन अब चुनाव नजदीक आते ही यह योजना शुरू की जा रही है। सरकार कर्ज लेकर और सरकारी जमीनें बेचकर राज्य चला रही है, जबकि यह पैसा पंजाब की जनता का है। 

उन्होंने बताया कि बादल साहब ने ही शगुन स्कीम शुरू की थी और पंजाब में जितने भी बड़े ट्यूबवेल और सिंचाई से जुड़े प्रोजेक्ट बने, वे भी उनके समय में बनाए गए। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को राज्य छोड़कर विदेश जाने की जरूरत नहीं है, यदि सरकार पंजाब में ही पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। पिछले 10 वर्षों में पंजाब में कितनी नई इंडस्ट्री आई, यह सबके सामने है। 

जब राज्य में उद्योग ही नहीं आएंगे तो युवाओं को रोजगार कहां से मिलेगा। युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के लिए पहले वर्ल्ड कप कबड्डी जैसे बड़े टूर्नामेंट आयोजित किए जाते थे, लेकिन अब वे भी बंद हो गए हैं। आज मुख्यमंत्री भगवंत मान जिस इन्फोसिस प्रोजेक्ट का उद्घाटन करने गए हैं, वह प्रोजेक्ट भी पहले हमारी सरकार के समय लाया गया था। इसी तरह आईटी हब का प्रोजेक्ट भी हमने ही पंजाब में लाया था, लेकिन मौजूदा सरकार केवल दिखावा कर रही है। ऐसे में अब पंजाब में बदलाव की जरूरत है। सभी एकजुट हो होकर पंजाब में क्षेत्रीय पार्टी को लाए ताकि पंजाब तरक्की करे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed