जगन गुर्जर हत्याकांड: हाई सिक्योरिटी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार हुआ आरोपी विष्णु; पुलिस करेगी पूछताछ
अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी विष्णु जाट उर्फ बौना को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर हत्या की साजिश, कारण और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की गहन जांच करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शुक्रवार को हत्या के मुख्य आरोपी विष्णु जाट उर्फ बौना को प्रोडक्शन वारंट के आधार पर जेल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच बख्तरबंद वाहन से सिविल लाइन थाना लाया गया, जहां उससे प्रारंभिक पूछताछ की गई। अब पुलिस उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
रिमांड के दौरान होगी गहन पूछताछ
सीओ नॉर्थ शिवम जोशी ने बताया कि जगन गुर्जर हत्याकांड की विवेचना के तहत विष्णु उर्फ बौना को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय से रिमांड मिलने के बाद आरोपी से हत्या के कारण, वारदात की पूरी साजिश, घटनाक्रम और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका समेत सभी पहलुओं पर विस्तार से पूछताछ की जाएगी।
29 जून को जेल के भीतर हुई थी सनसनीखेज हत्या
गौरतलब है कि 29 जून को राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या कर दी गई थी। जेल परिसर के अंदर हुई इस वारदात ने जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि जगन गुर्जर की हत्या उसी बैरक में बंद हार्डकोर अपराधी विष्णु जाट उर्फ बौना ने की थी।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद से पुलिस, जेल प्रशासन और अन्य जांच एजेंसियां लगातार मामले की जांच कर रही हैं। जांच में सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक, हत्या की वजह और किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता जैसे पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ से इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।
ये भी पढ़ें- Rajasthan Crime News: राजस्थान में झूठी FIR कराने वालों को जेल की सजा; 1870 मामलों में कोर्ट ने लिया संज्ञान
कड़ी सुरक्षा के बीच लाया गया आरोपी
आरोपी को हाई सिक्योरिटी जेल से बाहर लाते समय सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। पूरे रास्ते पुलिस का कड़ा सुरक्षा घेरा रहा और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अब पुलिस की पूछताछ पर सबकी नजरें टिकी हैं।