{"_id":"69f6e94ce9f7128f780112dc","slug":"balotra-on-high-alert-former-mp-colonel-manvendra-singhs-security-in-question-suspected-scorpio-following-him-balotra-news-c-1-1-noi1407-4237181-2026-05-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Balotra News: पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह पर है किसकी नजर? संदिग्ध वाहन को लेकर पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Balotra News: पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह पर है किसकी नजर? संदिग्ध वाहन को लेकर पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालोतरा
Published by: बालोतरा ब्यूरो
Updated Sun, 03 May 2026 04:07 PM IST
विज्ञापन
सार
पूर्व सांसद कर्नल मानवेंद्र सिंह के आसपास संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं।
कर्नल मानवेंद्र सिंह
विज्ञापन
विस्तार
पश्चिमी राजस्थान के प्रमुख नेता और पूर्व सांसद कर्नल मानवेंद्र सिंह इन दिनों कथित तौर पर संदिग्ध निगरानी के मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। खुद कर्नल मानवेंद्र सिंह द्वारा किए गए खुलासे के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं और पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से जांचा जा रहा है।
Trending Videos
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले दो दिनों के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन कर्नल मानवेंद्र सिंह जसोल की गाड़ी का पीछा करता नजर आया। बताया जा रहा है कि देर रात झालामंड चौराहे के आसपास गुजरात नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी उनके वाहन के आगे-पीछे घूमती रही। यह गतिविधि सामान्य नहीं लगी और सुरक्षा में लगे कर्मियों ने भी इसे संदिग्ध माना। घटना यहीं तक सीमित नहीं रही। अगले दिन सुबह वही वाहन उनके निवास के आसपास भी मंडराता देखा गया, जिससे शक और ज्यादा गहरा गया। कर्नल मानवेंद्र सिंह ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी, जिसके बाद पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
कर्नल मानवेंद्र सिंह ने खुद इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें फिलहाल किसी तरह की सीधी धमकी नहीं मिली है लेकिन जिस तरह से वाहन उनकी गतिविधियों के आसपास देखा गया, वह सामान्य नहीं है और इससे निगरानी की आशंका पैदा होती है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बाड़मेर पुलिस अधीक्षक ने तुरंत सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को बालोतरा क्षेत्र में तैनात किया गया है और कर्नल मानवेंद्र सिंह के मूवमेंट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार यह मामला राज्य स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुंच चुका है और इसकी मॉनिटरिंग उच्च स्तर पर की जा रही है।
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन म्यूल हंटर: नागौर में साइबर अपराध पर कड़ा प्रहार, 17 करोड़ की ठगी का पर्दाफाश, 21 ठग गिरफ्तार
पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन की पहचान करने और उसमें सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित रूट्स की भी जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
यह पहला मामला नहीं है जब कर्नल मानवेंद्र सिंह की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हों। इससे पहले भी उन्हें कथित धमकियों के बाद सुरक्षा उपलब्ध कराई जा चुकी है। ऐसे में एक बार फिर इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी यह भी सामने आई है कि 27 अप्रैल को सिणदरी-सिवाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना हुई थी। उस दौरान भी एक गुजरात नंबर की गाड़ी काफिले के साथ कई बार आगे-पीछे होती देखी गई थी, जिससे रेकी की आशंका जताई गई थी। इसके अलावा बाड़मेर दौरे के दौरान भी कुछ आपराधिक तत्वों की हलचल की जानकारी सामने आई थी, जिसे पुलिस की सतर्कता से समय रहते निष्प्रभावी कर दिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती
बहरहाल पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह एक चुनौती बन गया है कि आखिर यह संदिग्ध गतिविधियां किस मकसद से की जा रही हैं और इसके पीछे कौन लोग हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसियां हर पहलू पर जांच कर रही हैं। आने वाले दिनों में जांच के नतीजों के आधार पर इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है। वहीं क्षेत्र की राजनीति और आम जनता दोनों की नजर अब इस पूरे घटनाक्रम पर टिकी हुई है।
