{"_id":"6a6dddd436874cf4f20ea310","slug":"bjp-in-election-mode-no-activity-within-congress-bap-to-enter-the-electoral-fray-banswara-news-c-1-1-noi1402-4564598-2026-08-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"बांसवाड़ा निकाय चुनाव: BJP चुनावी मोड में, कांग्रेस खामोश; क्या BAP की एंट्री से दिलचस्प होगा मुकाबला?","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बांसवाड़ा निकाय चुनाव: BJP चुनावी मोड में, कांग्रेस खामोश; क्या BAP की एंट्री से दिलचस्प होगा मुकाबला?
Sat, 01 Aug 2026 07:56 PM IST
बांसवाड़ा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांसवाड़ा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांसवाड़ा
Published by: बांसवाड़ा ब्यूरो
Updated Sat, 01 Aug 2026 07:56 PM IST
सार
Rajasthan News: बांसवाड़ा में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। दूसरी ओर कांग्रेस में अब तक चुनावी हलचल नजर नहीं आ रही है। वहीं भारत आदिवासी पार्टी भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है, जिससे इस बार मुकाबला त्रिकोणीय होने के संकेत मिल रहे हैं।
विज्ञापन
भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में शामिल कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगामी महीनों में नगर निकाय चुनाव को लेकर जहां एक ओर भारतीय जनता पार्टी चुनावी मोड में आ गई है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस में अब तक कोई खास हलचल दिखाई नहीं दे रही है। भाजपा ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं और प्रदेश पदाधिकारियों के दौरे भी शुरू हो गए हैं। पिछली बार कांग्रेस ने बहुमत से बोर्ड बनाया था, लेकिन इस बार चुनावी मैदान में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) भी दमदार दावेदारी की तैयारी में जुटी है, जिससे मुकाबला और रोचक होने की संभावना है।
विज्ञापन
बूथ स्तर पर फोकस, भाजपा ने तेज की चुनावी तैयारी
नगर परिषद और पंचायतीराज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में संगठन विस्तार, मतदाता संपर्क और बूथ प्रबंधन को लेकर विशेष मंथन किया गया।
विज्ञापन
'बूथ की मजबूती ही दिलाएगी जीत'
बैठक में विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने संगठन की एकजुटता और बूथ स्तर पर सक्रियता को चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्येक वार्ड का डाटा तैयार कर रही है। कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में पूरी निष्ठा से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने गुटबाजी से बचने और बूथ प्रबंधन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
विज्ञापन
'नगर मंडल भी मैदान में'
चुनाव को लेकर भाजपा नगर मंडल भी सक्रिय हो गया है। मंडल की बैठक में बूथ सशक्तिकरण, मतदाता संपर्क अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक नेटवर्क मजबूत करने पर बल दिया गया। बैठक में जिला प्रभारी कमलेश पुरोहित सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और संगठन के निर्देशों के अनुरूप चुनाव में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई।
'नगर कार्यकारिणी तक घोषित नहीं'
बांसवाड़ा नगर परिषद में कुल 60 वार्ड हैं। पिछली बार कांग्रेस ने बहुमत के साथ बोर्ड बनाया था, लेकिन आगामी चुनाव को लेकर पार्टी में अभी तक अपेक्षित सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है। स्थिति यह है कि नगरीय क्षेत्र में चुनाव होने के बावजूद कांग्रेस की नगर कार्यकारिणी तक घोषित नहीं हुई है। इससे कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार चुनावी रणनीति जल्द लागू की जाएगी।
यह भी पढ़ें: डिग्गी मेले की सुरक्षा होगी हाईटेक! तैनात होंगे सैकड़ों पुलिसकर्मी; क्या है टीना डाबी का मास्टर प्लान?
पूर्व सभापति की चुप्पी भी बनी चर्चा का विषय
पिछले कांग्रेस बोर्ड में सभापति रहे जैनेन्द्र त्रिवेदी पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया के करीबी माने जाते हैं। मालवीया के भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से उन्होंने किसी भी राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर कोई सार्वजनिक निर्णय नहीं लिया है। अब महेंद्रजीत सिंह मालवीया की कांग्रेस में वापसी के बाद यह चर्चा तेज है कि क्या जैनेन्द्र त्रिवेदी भी कांग्रेस में लौटेंगे या कोई नया राजनीतिक फैसला लेंगे।