{"_id":"69b949d5e4957d2cc7064b9e","slug":"banswara-uproar-over-demarcation-of-waste-collection-center-several-people-police-injured-in-stone-pelting-2026-03-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Banswara: कचरा संग्रह केंद्र के सीमांकन पर बवाल, हिंडोलिया चारण गांव में टीम पर पथराव; पुलिस समेत कई लोग घायल","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
Banswara: कचरा संग्रह केंद्र के सीमांकन पर बवाल, हिंडोलिया चारण गांव में टीम पर पथराव; पुलिस समेत कई लोग घायल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांसवाड़ा
Published by: बांसवाड़ा ब्यूरो
Updated Tue, 17 Mar 2026 06:02 PM IST
विज्ञापन
सार
Banswara News: बांसवाड़ा के हिंडोलिया चारण गांव में कचरा संग्रह केंद्र के सीमांकन के दौरान ग्रामीणों ने विरोध कर पथराव किया। घटना में कई पुलिसकर्मी और कार्मिक घायल हुए। इस दौरान एसडीएम और तहसीलदार की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कचरा संग्रह केंद्र के सीमांकन पर बवाल
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ उपखंड क्षेत्र के हिंडोलिया चारण गांव में कचरा संग्रह केंद्र के लिए भूमि सीमांकन करने पहुंची टीम को ग्रामीणों के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। नगरपालिका कुशलगढ़ क्षेत्र में एकत्रित कचरे के निस्तारण के लिए उपखंड प्रशासन ने इस स्थान को डंपिंग यार्ड के रूप में चिन्हित किया था। मंगलवार दोपहर तहसीलदार के आदेश पर सीमांकन की कार्रवाई शुरू करने के लिए टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद ग्रामीण एकत्र होकर विरोध करने लगे।
Trending Videos
सीमांकन टीम और मौके की स्थिति
जानकारी के अनुसार भू अभिलेख निरीक्षक मुकेश कटारा, प्रकाश सोलंकी, चेतन निगम, महेश निनामा, पटवारी पदमसिंह, भरत सिंगाड़, कपिल अड़ और नरबेश सहित अन्य कार्मिक सीमांकन के लिए पहुंचे थे। टीम द्वारा कार्यवाही शुरू करते ही ग्रामीणों ने इसका विरोध तेज कर दिया और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
समझाइश के प्रयास और प्रशासन की मौजूदगी
ग्रामीणों के विरोध की सूचना मिलने पर नगर पालिका आयुक्त प्रभुलाल भाबोर और कुशलगढ़ थाने से सीआई प्रवीणसिंह सिसोदिया सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि हिंडोलिया चारण गांव के खसरा नंबर 198 रकबा 8094 किस्म मगरी भूमि नगरपालिका कुशलगढ़ के नाम दर्ज है और यहां कचरा संग्रह केंद्र प्रस्तावित है। पुलिस और प्रशासन ने काफी समझाइश की, लेकिन ग्रामीण अपने विरोध पर अड़े रहे।
पथराव और हिंसक घटनाक्रम
समझाइश के दौरान ही स्थिति अचानक बिगड़ गई। कुछ लोगों ने मौके पर खड़ी एक बाइक गिरा दी और इसके बाद कुछ ग्रामीण पहाड़ी पर चढ़कर पथराव करने लगे। पथराव के चलते अफरातफरी मच गई और पुलिस को बचाव के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान एसडीएम और तहसीलदार की गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए गए।
पढ़ें- Rajasthan News: मानवेंद्र सिंह के निजी रिश्ते पर सियासी-सामाजिक घमासान, मां के साथ चारण समाज भी विरोध में उतरा
घायल कार्मिक और उपचार
घटना में एक महिला कांस्टेबल सहित कई कार्मिक घायल हो गए। थानाधिकारी के अनुसार एक एएसआई, एक एसआई सहित चार पुलिसकर्मी और नगर पालिका के चार कर्मचारी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का कुशलगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
नगर पालिका आयुक्त की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, जबकि प्रशासन ग्रामीणों से लगातार संवाद कर रहा है ताकि शांति बनी रहे।
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
ब्रेकिंग अपडेट।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन