बांसवाड़ा: रात में बाहर जाने से टोका तो पोती ने दादा के सिर पर लाठी से किए ताबड़तोड़ वार, दर्दनाक मौत
बांसवाड़ा के बोरदा गांव में रात में घर से बाहर जाने से टोकने पर युवती ने कथित तौर पर लाठी से वार कर अपने 60 वर्षीय दादा की हत्या कर दी। अस्पताल में बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
विस्तार
बांसवाड़ा के मोटागांव थाना क्षेत्र के बोरदा गांव में रात के समय घर से बाहर जाने से टोकने पर पोती ने लाठी से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर अपने दादा की हत्या कर दी। गंभीर हालत में परिजन बुजुर्ग को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपी युवती के चाचा की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।
थानाधिकारी देवीलाल मीणा ने बताया कि बोरदा निवासी नारायण पुत्र राजिया राणा भील ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 9 बजे उसके छोटे भाई प्रकाश की बेटी सुनिया उर्फ सुनीता हाथ में लाठी लेकर घर से बाहर जा रही थी। पड़ोस में रहने वाले उसके चाचा जेता (60) पुत्र कमजी राणा ने जब उसे बाहर जाने से टोका तो वह गुस्सा हो गई। इसके बाद उसने लाठी से जेता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
पड़ोसी के घर में छिप गई युवती
जेता के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस दौरान सुनिया पड़ोस में रहने वाले महिपाल पुत्र शंकरलाल राणा के घर में जाकर छिप गई। बाद में उसके माता-पिता और परिजनों ने महिपाल के घर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। हालांकि, कुछ देर बाद वह फिर मौके से भाग गई।
पढ़ें: छह जिलों में आंधी-बारिश और बिजली का अलर्ट, कल से थमेगा बारिश का दौर
गंभीर रूप से घायल जेता को परिजन गनोड़ा के सरकारी अस्पताल लेकर गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बांसवाड़ा रेफर कर दिया। वहां रात करीब 11:30 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
युवती ही करती थी बुजुर्ग की देखभाल
परिजनों ने बताया कि सुनिया पिछले दो-तीन दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी। उसकी मां कुछ साल पहले घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद सुनिया अपने दादा जेता के पास ही रहती थी और उनकी देखभाल करती थी। जेता की कोई संतान नहीं थी। सुनिया के परिवार में उसकी मां की ओर से दो बहनें और एक भाई हैं। जेता और सुनिया के दादा राजिया आपस में भाई थे। सुनिया 12वीं कक्षा तक पढ़ी है।