{"_id":"67989b1a52ecd140510541e0","slug":"bharatpur-controversy-broke-out-over-installation-of-mobile-tower-woman-and-girl-injured-in-stone-pelting-2025-01-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bharatpur News : मोबाइल टॉवर लगाने को लेकर भड़का विवाद, पथराव और फायरिंग में महिला और बच्ची घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bharatpur News : मोबाइल टॉवर लगाने को लेकर भड़का विवाद, पथराव और फायरिंग में महिला और बच्ची घायल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भरतपुर
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Tue, 28 Jan 2025 02:24 PM IST
विज्ञापन
सार
खाली प्लॉट पर मोबाइल टॉवर लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद प्लॉट मालिक और उसके साथियों ने पथराव और फायरिंग कर दी। मामले में एक महिला और बच्ची घायल हुए हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
राजस्थान
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
कोतवाली थाना क्षेत्र के रुधिया नगर कॉलोनी में मोबाइल टॉवर लगाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव और फायरिंग की नौबत आ गई। सोमवार रात हुई इस घटना में एक महिला और उसकी बच्ची घायल हो गई। कॉलोनीवासियों के विरोध के बाद टॉवर लगवा रहे प्लॉट मालिक और उसके साथियों ने पथराव किया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू किए और कुछ लोगों को हिरासत में लिया।
Trending Videos
स्थानीय निवासी दरोगा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उसके भाई का रुधिया नगर कॉलोनी में मकान है, उसके पास जघीना गांव निवासी तेज सिंह का एक खाली प्लॉट है। तेज सिंह उस प्लॉट में मोबाइल टॉवर लगवा रहा था, जिसके लिए खुदाई की जा रही थी। खुदाई के कारण कन्हैया के मकान में नुकसान होने लगा, जिससे घर की दीवारों में दरारें आ गईं। जब कन्हैया की पत्नी रीना और कॉलोनीवासियों ने इस पर आपत्ति जताई, तो तेज सिंह नाराज हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
सोमवार रात करीब 10 बजे तेज सिंह ने कुछ लोगों के साथ मिलकर कन्हैया के मकान पर पथराव कर दिया। इस दौरान मकान के शीशे टूट गए और रीना तथा उसकी बच्ची तानिया घायल हो गई। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि तेज सिंह और उसके साथियों ने गाली-गलौच करने के साथ फायरिंग भी की।
मामले में कॉलोनीवासियों ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 जनवरी से तेज सिंह अपने प्लॉट में खुदाई करवा रहा था, जिससे आसपास के मकानों में पानी भरने लगा और दीवारों को नुकसान पहुंचा। जब लोगों को पता चला कि वहां मोबाइल टॉवर लगाया जा रहा है, तो उन्होंने इसका विरोध किया। कॉलोनीवासियों ने तेज सिंह को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने गाली-गलौज शुरू कर दी।
कॉलोनीवासियों ने इस मामले में जिला कलेक्टर को लिखित में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद तेज सिंह ने सोमवार रात गाली-गलौज और पथराव किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
रेलवे चौकी प्रभारी बृजलाल सिंह ने बताया कि विवाद मोबाइल टॉवर लगाने को लेकर हुआ है। मोहल्ले के लोग टॉवर लगाने का विरोध कर रहे हैं, जबकि तेज सिंह का कहना है कि वह अपनी जमीन पर टॉवर लगाएगा। फिलहाल पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
