चित्तौड़गढ़ में आकाशीय बिजली का कहर: खेत की झोपड़ी पर गिरी बिजली, दादा-दादी और पौत्र की दर्दनाक मौत
चित्तौड़गढ़ के कनेरा थाना क्षेत्र के लुनखन्दा गांव में सोमवार रात आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बद्रीलाल मीणा, उनकी पत्नी चंद्रीबाई और पौत्र विशाल खेत में बनी झोपड़ी में फसल की रखवाली के लिए सो रहे थे, तभी तेज बारिश और गरज के बीच बिजली झोपड़ी पर गिर गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चित्तौड़गढ़ जिले के कनेरा थाना क्षेत्र के लुनखन्दा गांव में सोमवार रात आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक खेत में बनी झोपड़ी में फसल की रखवाली के लिए सो रहे थे। हादसे में दादा, दादी और पौत्र की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने तीनों के शव कनेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाए हैं, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
खेत की झोपड़ी पर गिरी आकाशीय बिजली
कनेरा थाना के एएसआई महेंद्र ने बताया कि लुनखन्दा गांव निवासी बद्रीलाल मीणा, उनकी पत्नी चंद्रीबाई और पौत्र विशाल सोमवार रात गांव से करीब दो किलोमीटर दूर अनोपपुरा-सुखानंदजी मार्ग स्थित खेत में बनी झोपड़ी में फसल की रखवाली के लिए रुके हुए थे। रात के समय क्षेत्र में तेज बारिश के साथ बादलों की गरज जारी थी। इसी दौरान तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिरी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पास की झोपड़ी में मौजूद बेटे-बहू ने देखा भयावह मंजर
बताया गया कि बद्रीलाल और उनका पुत्र खेत पर अलग-अलग झोपड़ियों में रहते थे। हादसे के समय बद्रीलाल, चंद्रीबाई और पौत्र विशाल एक ही झोपड़ी में सो रहे थे। तेज धमाके की आवाज सुनकर पास की झोपड़ी में मौजूद बेटा और बहू तुरंत मौके पर पहुंचे। झोपड़ी के अंदर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि तीनों के शरीर से धुआं निकल रहा था। इसके बाद पुत्र ने तत्काल ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।
ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। तीनों को तुरंत कनेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही कनेरा थाना पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने तीनों के शव मोर्चरी में रखवाए हैं। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।