दौसा जिले के सिद्धपीठ मेहंदीपुर बालाजी धाम में हनुमान जन्मोत्सव शाही और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। अलसुबह मंदिर के महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज ने स्वयंभू बालाजी का 1100 किलो पंचामृत से अभिषेक किया और इत्र केवड़ा से सुगंधित पुष्पों से उनका श्रृंगार किया। बालाजी मंदिर में शाही और राजसी लुक में गर्भगृह और बाहरी आवरण पर की गई भव्य सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
Dausa: हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा, 1100 किलो पंचामृत से अभिषेक, 1781 किलो महाप्रसाद, ऐसे मना बालाजी का जन्मोत्सव
Dausa: दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी धाम में हनुमान जन्मोत्सव शाही अंदाज में मनाया गया। 1100 किलो पंचामृत से बालाजी का महाअभिषेक किया गया, सोने का चोला चढ़ाया गया और 1781 किलो महाप्रसादी का भोग लगाया गया। इस दौरान सुरक्षा के लिए दौसा-करौली पुलिस के 140 जवान तैनात रहे।
1781 किलो महाप्रसादी का भोग
बालाजी को जन्मोत्सव पर 251 किलो चूरमा, 711 किलो दाने, 511 किलो पकौड़ी और 311 किलो छप्पनभोग लगाया गया। यहां जन्मोत्सव पर पंचामृत अभिषेक, विशेष श्रृंगार, महाआरती, भजन संध्या, शहनाई वादन और कन्या पूजन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। देश-विदेश सहित दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बालाजी के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए मेहंदीपुर धाम पहुंचे।
मंदिर की भव्य सजावट
प्रसिद्ध कारीगरों ने मंदिर के गर्भगृह को लाल पत्थर की विशेष डिज़ाइन में तैयार किया है। मंदिर प्रांगण में हनुमानजी की बाल लीलाओं की झांकियां सजाई गई हैं। वहीं महलनुमा दो तोरण द्वार तैयार किए गए हैं। भव्य आयोजन को देखकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया।
हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा
भव्य आयोजन के दौरान हेलिकॉप्टर और ड्रोन से पुष्पवर्षा की गई। जन्मोत्सव के मुख्य आकर्षण में 2 हाथी और 6 घोड़े, भजन संध्या, बैंड-बाजे, पंजाबी ढोल और शहनाई वादन शामिल हैं।
सुरक्षा व्यवस्था में 140 जवान तैनात
हनुमान जन्मोत्सव पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं। उनकी सुरक्षा के लिए दौसा और करौली पुलिस के 140 जवान तैनात किए गए हैं। थाना इंचार्ज गौरव प्रधान ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में सादे वर्दीधारी पुलिसकर्मी तैनात हैं और संदिग्ध लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें: राजस्थान के ये बालाजी पूरी करते हैं सबकी मुरादे, 300 साल से भी ज्यादा पुराना है मंदिर