Rajasthan: धौलपुर में बंदूकबाज की पुलिस कर रही तलाश, युवकों की टोली के साथ फायरिंग करते आया नजर
धौलपुर में सोशल मीडिया पर फायरिंग का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक कुछ साथियों को साथ लेकर बंदूक से फायरिंग करता हुआ नजर आ रहा है। वायरल वीडियो को लेकर बाड़ी सदर थाना पुलिस वीडियो में फायरिंग कर रहे युवक की तलाश में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
धौलपुर जिले में सोशल मीडिया पर फायरिंग का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो किसी शादी समारोह का बताया जा रहा है। एक युवक हाथ में बंदूक लेकर अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ एक के बाद एक आठ राउंड फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है। 56 सेकेंड का वीडियो जिले भर में सोशल मीडिया के तमाम बैनरों पर वायरल हो रहा है। युवक द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी वीडियो को वायरल किया है। फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। आरोपी की पहचान बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के जुबर्रा गांव निवासी आसाराम टाइगर के रूप में हुई है।
सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो पुराना है। वीडियो में बंदूक से एक के बाद एक कई राउंड हवाई फायरिंग कर रहे युवक की पहचान आसाराम निवासी जबुर्रा थाना बाड़ी सदर के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो में जो जगह दिखाई दे रही है। उसकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर आसाराम टाइगर के नाम से चल रही आईडी पर वीडियो अपलोड किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल 56 सेकेंड के वीडियो में युवक द्वारा आठ राउंड फायरिंग की गई है, जिसके साथ आधा दर्जन युवक मौजूद हैं।
बाड़ी सदर थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो किसी शादी समारोह का दिख रहा है, जिसमें फायरिंग कर रहे युवक की पहचान करने के बाद उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि युवक को गिरफ्तार कर उससे हथियार की भी जानकारी की जाएगी। फिलहाल, युवक की तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
युवाओं में हथियारों के प्रति बढ़ा ट्रेंड
धौलपुर में युवाओं में हथियारों के प्रति ट्रेंड लगातार बढ़ता जा रहा है। शादी समारोह, महफिल जन्मदिन पार्टी आदि कार्यक्रमों में युवाओं द्वारा जोश में होश को खोकर नाना प्रकार के कानून विरुद्ध काम किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों में युवाओं द्वारा अधिकांश अवैध हथियारों के साथ फायरिंग करने का चलन चल गया है। इससे पूर्व भी कई मामले धौलपुर जिले में युवाओं द्वारा सार्वजनिक स्थलों एवं शादी समारोह आदि में फायरिंग के सामने आ चुके हैं। हाल ही में राजाखेड़ा में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान एक अधेड़ की मौत हुई थी।