Rajasthan Weather Update: मानसून की रफ्तार थमी, अगले दो दिन अधिकांश जिलों में सूखा,15 जुलाई से फिर बदलेगा मौसम
राजस्थान में मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है। अगले दो दिन अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। 15 जुलाई के बाद नया सिस्टम सक्रिय होने से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान में मानसून का पहला दौर फिलहाल कमजोर पड़ गया है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहा और बारिश की गतिविधियां लगभग थम गईं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना कम है। हालांकि पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कुछ जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 15 जुलाई के बाद नया मौसम तंत्र सक्रिय होने पर मानसून के दोबारा रफ्तार पकड़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर, धौलपुर, सिरोही, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश के आसार नहीं हैं।
पिछले 24 घंटे में राज्य में केवल बूंदी में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश जिलों में बारिश नहीं हुई। बारिश थमने के साथ ही गर्मी और उमस ने फिर से असर दिखाना शुरू कर दिया है। फलोदी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर और अलवर में भी तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि 13 से 15 जुलाई के बीच जयपुर, सीकर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। सोमवार और मंगलवार को जोधपुर और बीकानेर संभाग में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
यह भी पढें- Rajasthan: बांसवाड़ा में 4 प्रसूताओं की मौत की जयपुर से होगी हाईलेवल जांच, अस्पताल पहुंची विशेषज्ञों की टीम
बड़े शहरों का मौसम
जयपुर में रविवार को भी मौसम लगभग स्थिर रहा। अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप और उमस बनी रही, जबकि रात में भी सामान्य से अधिक तापमान के कारण गर्मी महसूस हुई।
अलवर में रविवार को दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे दिन बारिश नहीं हुई और मौसम शुष्क बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक आंशिक बादल छाए रह सकते हैं तथा कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।
लेकसिटी उदयपुर में रविवार को बादलों और धूप की आंख-मिचौली के बीच मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा। दिनभर ठंडी हवाएं चलने से लोगों और पर्यटकों को उमस से कुछ राहत मिली, हालांकि बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में एक डिग्री कम रहा।
जोधपुर में रविवार को मौसम सामान्य बना रहा और पिछले 24 घंटे में जिले में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश नहीं होने के बावजूद मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहा।
अजमेर में रविवार को दिनभर तेज धूप और साफ आसमान के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल जिले में बारिश की संभावना सीमित बनी हुई है।