Bundi : NSUI ने नारेबाजी के साथ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया, भाजपा प्रदेश प्रभारी का पुतला फूंककर जताई नाराजगी
भाजपा प्रदेश प्रभारी द्वारा कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट पर दिए गए बयान के विरोध में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की और प्रदेश प्रभारी का पुतला दहन किया।
विस्तार
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट के विरुद्ध भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल के बयान के विरोध में एनएसयूआई ने बुधवार को बूंदी जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन कर भाजपा के प्रदेश प्रभारी का पुतला दहन किया। एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ के प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत बूंदी में भी एनएसयूआई कार्यकर्ता पूर्व प्रदेश सचिव किशन नेखाड़ी के नेतृत्व में सर्किट हाउस से नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में रवाना हुए और कलेक्ट्रेट के बाहर पुतला फूंककर जमकर नारेबाजी की। गौरतलब है कि प्रदेश प्रभारी के बयान के बाद पूरे राजस्थान में कांग्रेस बीजेपी प्रभारी का विरोध कर रही है। वैसे भी राजस्थान में कभी भी उपचुनाव की घोषणा हो सकती है, ऐसे में कांग्रेस इस मुद्दे को भुनाना चाह रही है।
लोकतंत्र में भाषा की मर्यादा जरूरी
जिला कलेक्ट्रेट के बाहर राजस्थान एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष चर्मेश शर्मा ने कहा कि सचिन पायलट के विरुद्ध भाजपा के प्रदेश प्रभारी का बयान अस्वीकार्य है। लोकतंत्र में भाषा की मर्यादा व शालीनता जरूरी है। उन्हें ज्ञात होना चाहिए कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट को इंग्लैंड के विश्वविद्यालयों में भी लेक्चर के लिए आमंत्रित किया जाता है, वे भारतीय सेना के मानद अधिकारी हैं। भाजपा प्रभारी को अपना बयान तत्काल वापस लेना चाहिए।
माफी मांगें प्रदेश प्रभारी
छात्र नेता किशन नेखाड़ी ने कहा कि सचिन पायलट देश भर के युवाओं के नेता हैं। उनका अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा प्रदेश प्रभारी को अपने बयान के संबंध में माफी मांगनी चाहिए।

सचिन पायलट पर बयान के विरोध में एनएसयूआई का कलेक्ट्रट पर प्रदर्शन, नारेबाजी के साथ भाजपा प्रदेश