{"_id":"69d693cca18c0f0e99036c21","slug":"kotputli-behror-news-minor-dispute-turns-deadly-elderly-man-abducted-and-brutally-murdered-three-arrested-2026-04-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kotputli-Behror News: मामूली विवाद बना मौत की वजह, बुजुर्ग का अपहरण कर बेरहमी से हत्या, तीन गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kotputli-Behror News: मामूली विवाद बना मौत की वजह, बुजुर्ग का अपहरण कर बेरहमी से हत्या, तीन गिरफ्तार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़
Published by: कोटपुतली ब्यूरो
Updated Wed, 08 Apr 2026 11:13 PM IST
विज्ञापन
सार
कोटपूतली-बहरोड़ में अपहरण के बाद बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पैसों के लेनदेन को लेकर मामूली विवाद में हुई इस वारदात में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बुजुर्ग की हत्या के आरोप में तीन आरोपी हिरासत में
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
जिले में अपहरण के बाद हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कार और मोटर साइकिल भी बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामूली पैसों के विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि आरोपियों ने एक बुजुर्ग की हत्या कर दी।
Trending Videos
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के अनुसार 28 मार्च को हुई इस घटना के बाद पुलिस ने तुरंत विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। मामला तब सामने आया, जब 29 मार्च को अमित कुमार गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता रामस्वरूप गुर्जर को रात करीब साढ़े नौ बजे कुछ लोग जबरन गाड़ी में उठाकर ले गए। अगले दिन उनका शव चतुर्भुज क्षेत्र के पास सड़क किनारे एक खेत में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
जांच के दौरान पुलिस ने एफएसएल और एमओबी टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की तलाश शुरू की। पड़ताल में सामने आया कि मुख्य आरोपी दीपक यादव का अपने परिचित चेतराम उर्फ गोलू से पैसों को लेकर विवाद था। इसी विवाद के दौरान चेतराम दीपक का मोबाइल लेकर चला गया, जिससे मामला और बढ़ गया।
ये भी पढ़ें: Dausa: 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया रोडवेज मुख्य प्रबंधक, मेडिकल अवकाश पास करने के बदले मांगी रकम
मोबाइल वापस लेने के लिए दीपक ने अपने रिश्तेदार कपिल यादव और नीरज यादव को बुलाया। तीनों आरोपी चेतराम के घर पहुंचे लेकिन बात नहीं बनी। इसी दौरान पास में सो रहे रामस्वरूप गुर्जर ने उन्हें टोका, जिससे आरोपी भड़क गए और उन्होंने वारदात को अंजाम देने की योजना बना ली।
आरोप है कि तीनों ने रामस्वरूप को जबरन कार में डालकर ले गए और अलग-अलग स्थानों पर बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उन्होंने चेतराम से फोन पर मोबाइल और पैसों की मांग भी की लेकिन बात नहीं बनने पर आरोपियों ने रामस्वरूप की हत्या कर दी और शव को साबी नदी के पास एक खेत में फेंककर फरार हो गए।
लगातार तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने 6 अप्रैल को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उनसे गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है।