{"_id":"689243d2a550476923074fb1","slug":"nagaur-private-vehicles-within-20-km-radius-in-makrana-will-be-exempted-from-toll-government-accepts-demands-2025-08-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Nagaur: मकराना में 20 किमी दायरे के निजी वाहन होंगे टोल से मुक्त, सरकार ने मानी मांगें; 24 घंटे का धरना खत्म","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Nagaur: मकराना में 20 किमी दायरे के निजी वाहन होंगे टोल से मुक्त, सरकार ने मानी मांगें; 24 घंटे का धरना खत्म
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नागौर
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Tue, 05 Aug 2025 11:18 PM IST
विज्ञापन
सार
Nagaur News: मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने कहा कि यह फैसला आम जनता के हित में है और यदि भविष्य में इस समझौते का उल्लंघन होता है तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा।
सरकार के मांगें मानने के बाद ग्रामीणों ने खत्म किया धरना
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
नागौर के मकराना में टोल मुक्त क्षेत्र की मांग को लेकर शुरू हुआ जनआंदोलन आखिरकार सफलता की ओर बढ़ा। मंगलाना और किंसरिया ग्राम में हाल ही में शुरू हुए नए टोल प्लाजा के विरोध में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का 24 घंटे से अधिक समय तक चला धरना अब समाप्त हो गया है। जिला प्रशासन की मध्यस्थता में हुई वार्ता के बाद यह तय किया गया कि 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले लोकल एरिया के निजी वाहनों को टोल से पूर्णतः मुक्त किया जाएगा और उनके लिए पास जारी किए जाएंगे।
Trending Videos
टोल के शुरू होते ही भड़का विरोध
मकराना क्षेत्र के मंगलाना व किंसरिया ग्राम में जैसे ही टोल प्लाजा चालू हुए, स्थानीय निवासियों में रोष फैल गया। टोल को लेकर तुरंत ही विरोध शुरू हो गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि पहले से ही महंगाई से जूझ रही जनता पर यह नया टोल एक अतिरिक्त बोझ है, जिससे आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Jhunjhunu: ‘आई लव यू’ न कहने पर युवती को चाकुओं से गोदा, फिर सिरफिरे प्रेमी ने खुद भी की जान देने की कोशिश
जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में सड़क पर उतरे लोग
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत, परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया और आरएलपी नेता अमर सिंह चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में लोग मंगलाना रोड स्थित टोल प्लाज़ा पर जुटे और सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। टोल को पूरी तरह बंद करवा दिया गया। पहले दिन एसडीएम अंशुल सिंह की मौजूदगी में टोल कंपनी के प्रतिनिधियों से वार्ता की गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका।
पूरी रात डटे रहे लोग, सुबह बढ़ी भीड़
धरना स्थल पर प्रदर्शनकारी पूरी रात डटे रहे। मंगलवार सुबह होते-होते मौके पर भीड़ और अधिक बढ़ गई। टोल चालू होने के बाद पहली बार ऐसा व्यापक और एकजुट विरोध देखा गया। इस जनदबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने सक्रियता दिखाई।
कलेक्टर की पहल से बनी सहमति
जिला कलेक्टर महेंद्र कुमार खडगावत ने टोल कंपनी के अधिकारियों से सीधे संवाद स्थापित किया और स्थानीय लोगों की मांगों को प्रमुखता से रखा। कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन और कंपनी के बीच समझौते की स्थिति बनी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और घोषणा की कि 20 किमी दायरे में आने वाले स्थानीय निजी वाहन चालकों के लिए पास जारी किए जाएंगे, जिससे वे टोल से मुक्त रहेंगे। हालांकि, कमर्शियल वाहनों को टोल देना अनिवार्य होगा।
यह भी पढ़ें- Jaipur: लेबर इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या, मंगेतर के साथ अवैध संबंधों के शक में RAC जवान ने ली जीजा की जान
आंदोलन की समाप्ति, लोगों में दिखा संतोष
करीब 4:00 बजे समझौते की घोषणा होते ही धरना समाप्त कर दिया गया। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जनआंदोलन की सफलता बताया। विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने कहा कि यह फैसला आम जनता के हित में है और यदि भविष्य में इस समझौते का उल्लंघन होता है तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा।