Churu News: ट्रक चालक पर RTO ने दे पटका अपना सिर, हमले में युवक घायल; वीडियो आया सामने, जांच के आदेश
Churu News: सुजानगढ़ में लाइसेंस जांच के दौरान परिवहन निरीक्षक पर ट्रक ड्राइवर से मारपीट का आरोप लगा है। युवक की आंख के पास चोट आई। घटना का वीडियो वायरल हुआ। डीटीओ ने जांच के आदेश देकर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विस्तार
चूरू जिले के सुजानगढ़ में परिवहन विभाग के एक निरीक्षक द्वारा ट्रक ड्राइवर से मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार डीटीओ कार्यालय में तैनात परिवहन निरीक्षक सुरेश कुमार बिश्नोई ने लाइसेंस जांच के दौरान एक ट्रक ड्राइवर के साथ कथित रूप से मारपीट की, जिससे ड्राइवर घायल हो गया। घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
लाइसेंस दिखाने को लेकर बढ़ी बहस
वायरल वीडियो में निरीक्षक और युवक के बीच ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। निरीक्षक युवक से लाइसेंस दिखाने को कहते हैं, जिस पर युवक जवाब देता है कि उसका लाइसेंस मोबाइल में है। युवक का यह भी आरोप है कि निरीक्षक ने उसका मोबाइल छीन लिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि बहस के दौरान निरीक्षक ने युवक को अपनी ओर खींचा और सिर से हमला कर दिया। हमले में युवक की आंख के पास गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की।
पढ़ें- दौसा दृश्यम कांड: ड्रोन सर्वे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर खुदाई शुरू, क्या स्पॉट हुआ टिल्लू का कंकाल?
घायल को अस्पताल पहुंचाया गया
मौके पर मौजूद कुछ लोग निरीक्षक से यह कहते सुनाई दिए कि युवक की आंख में गंभीर चोट लगी है। घायल युवक वीडियो में अपना मोबाइल वापस मांगते और अस्पताल ले जाने की गुहार लगाते नजर आया। बाद में मौजूद लोगों ने उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
जांच के आदेश, कार्रवाई का आश्वासन
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सुजानगढ़ डीटीओ बजरंगलाल खीचड़ ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है और जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि परिवहन निरीक्षक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और संबंधित तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.