Udaipur News: चलती कार में प्राइवेट कंपनी मैनेजर से गैंगरेप, CEO, एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति पर मामला दर्ज
उदयपुर शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में एक प्राइवेट कंपनी की मैनेजर ने अपनी ही कंपनी के सीईओ, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति पर चलती कार में गैंगरेप का गंभीर आरोप लगाया।
विस्तार
उदयपुर शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्राइवेट कंपनी की मैनेजर ने अपनी ही कंपनी के सीईओ, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति पर चलती कार में गैंगरेप का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तुरंत गैंगरेप का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता एक निजी कंपनी में मैनेजर पद पर कार्यरत है। उसने बताया कि 20 दिसंबर को कंपनी के सीईओ का बर्थडे और न्यू ईयर पार्टी शोभागपुरा स्थित एक होटल में आयोजित की गई थी। पीड़िता रात करीब 9 बजे पार्टी में शामिल हुई थी, जहां सीईओ, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसका पति भी मौजूद थे। पार्टी देर रात करीब 1:30 बजे तक चली, और इस दौरान शराब का सेवन भी किया गया।
पीड़िता के अनुसार, जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो उसे घर छोड़ने की बात कही गई। इसी दौरान महिला एग्जीक्यूटिव हेड ने उसे आफ्टर पार्टी का बहाना देकर कार में बैठाया। कार में पहले से ही एग्जीक्यूटिव हेड का पति और कंपनी का सीईओ मौजूद थे। रास्ते में एक दुकान से स्मोकिंग आइटम खरीदा गया और उसे जबरन स्मोक कराया गया, जिसके बाद वह बेसुध हो गई।
पढ़ें: मुजफ्फरपुर में युवक की संदिग्ध मौत, झाड़-फूंक का आरोप लगाकर परिजनों ने भगत को बनाया बंधक
कुछ समय बाद जब पीड़िता होश में आई, तो उसने पाया कि सीईओ उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था। इसके बाद सीईओ और महिला एग्जीक्यूटिव हेड के पति ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता बार-बार मिन्नत करने के बावजूद सुबह करीब 5 बजे उसे घर छोड़ा गया।
सुबह पूरी तरह होश में आने पर पीड़िता ने देखा कि उसके कान की बालियां, मोजे और अंडरगारमेंट्स गायब थे, जबकि उसके निजी अंगों पर गंभीर चोटें थीं। घटना में आरोपियों की पूरी हरकतें रिकॉर्ड होने की जानकारी भी मिली है। पीड़िता ने 23 दिसंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी महिला अपराध की एएसपी माधुरी वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस सभी तथ्यों और सबूतों के आधार पर निष्पक्ष जांच करने में जुटी है।