Himachal News : गृह मंत्री अमित शाह से मिले हर्ष महाजन, हिमाचल के राजनीतिक और आर्थिक हालात पर की चर्चा
भाजपा सांसद हर्ष महाजन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश की राजनीतिक और आर्थिक स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने प्रदेश सरकार के वित्तीय प्रबंधन, विकास कार्यों, भ्रष्टाचार और आपदा प्रबंधन को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं तथा केंद्र से सहायता के पारदर्शी उपयोग और प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर हिमाचल प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक, आर्थिक और प्रशासनिक स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में वित्तीय प्रबंधन, विकास कार्यों, भ्रष्टाचार के आरोपों और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दे गृह मंत्री के समक्ष रखे।
हर्ष महाजन ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान वित्तीय अनुशासन कमजोर हुआ है और सरकार पर बढ़ते ऋण का बोझ है। उनका दावा है कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े कई विकास कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाए हैं।
राज्यसभा सांसद ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यशैली को लेकर कांग्रेस के भीतर भी असंतोष की स्थिति देखने को मिल रही है तथा पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बैठक के दौरान प्राकृतिक आपदाओं और राहत कार्यों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। महाजन ने कहा कि आपदा प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना की आवश्यकता है और केंद्र सरकार से मिलने वाली सहायता का लाभ वास्तविक प्रभावित लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से हिमाचल प्रदेश की परिस्थितियों पर गंभीरता से ध्यान देने का आग्रह किया। साथ ही विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र सरकार प्रदेश के विकास, आपदा राहत और जनकल्याण के लिए सहयोग जारी रखेगी।