हिमाचल: एशियन गेम्स पदक विजेताओं के लिए 5.33 करोड़ के नकद पुरस्कारों की घोषणा, सीएम सुक्खू ने किया एलान
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेल-2026 में हिमाचल प्रदेश के पदक विजेताओं के लिए लगभग 5.33 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कारों की घोषणा की।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेल-2026 में हिमाचल प्रदेश के पदक विजेताओं के लिए लगभग 5.33 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कारों की घोषणा की। यह पुरस्कार उनके शानदार प्रदर्शन, कड़ी मेहनत और समर्पण के सम्मान में दिया जा रहा है, जिससे राज्य का नाम रोशन हुआ है। हिमाचल प्रदेश खेल परिषद नकद पुरस्कार नियम 2024 के अनुसार स्वर्ण पदक जीतने वाली 12 सदस्यीय भारतीय महिला कबड्डी टीम की चार हिमाचली सदस्य- पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को प्रत्येक को 33.33 लाख रुपये मिलेंगे। कबड्डी टीम में शामिल हिमाचली खिलाड़ियों के लिए कुल पुरस्कार राशि लगभग 1.33 करोड़ रुपये होगी और टीम पुरस्कार का वितरण नियमों के अनुसार खिलाड़ियों की भागीदारी के अनुपात में किया जाएगा।
सावन बरवाल और सीमा कुमारी को इतनी राशि मिलेगी
मंडी के सावन बरवाल को पुरुषों की मैराथन में रजत पदक जीतने के लिए 2.50 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि चंबा की सीमा कुमारी को महिलाओं की 10,000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के लिए 1.50 करोड़ रुपये मिलेंगे। पदक विजेताओं, उनके परिवारों, कोचों और सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी उपलब्धियां हिमाचल प्रदेश के लिए बहुत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उनके समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ने राज्य का मान बढ़ाया है और यह और अधिक युवाओं को खेल अपनाने तथा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।
किस खेल के लिए कितनी पुरस्कार राशि
सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित और प्रेरित करने के लिए पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को अब पांच करोड़, रजत पदक विजेताओं को 3 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये दिए जाते हैं। एशियाई खेलों और पैरा एशियाई खेलों में, स्वर्ण पदक विजेताओं को 4 करोड़, रजत पदक विजेताओं को 2.50 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 1.50 करोड़ दिए जाते हैं। राष्ट्रमंडल खेलों और पैरा राष्ट्रमंडल खेलों मे, स्वर्ण पदक विजेताओं को तीन करोड़, सिल्वर मेडल जीतने वालों को 2 करोड़ और कांस्य पदक जीतने वालों को 1 करोड़ रुपये दिए जाते हैं।
2024 में 17.44 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी गई: सीएम
उन्होंने बताया कि 2024 में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले या पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को कुल 17.44 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी गई। तीन प्रतिशत स्पोर्ट्स कोटा के तहत अब तक 99 खिलाड़ियों को नौकरी दी गई है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्रों को अपनी पढ़ाई और खेल गतिविधियों के बीच तालमेल बिठाने के लिए विशेष छुट्टी भी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए डाइट अलाउंस (आहार भत्ता) भी बढ़ाया गया है। राज्य के बाहर होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए 500 रुपये प्रतिदिन, राज्य स्तर पर 400 रुपये, जिला स्तर पर 300 रुपये और ब्लॉक स्तर पर 240 रुपये का अलाउंस दिया जा रहा है। स्पोर्ट्स हॉस्टल में रहने वाले एलिमेंट्री एजुकेशन (प्रारंभिक शिक्षा) स्तर के खिलाड़ियों को भी 250 रुपये प्रतिदिन का डाइट अलाउंस दिया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य के बाहर खेल आयोजनों में भाग लेने वाले एथलीटों के लिए यात्रा की सुविधाओं में भी सुधार किया गया है। 200 किलोमीटर तक यात्रा करने वाले एथलीटों को एसी 3-टियर ट्रेन का किराया दिया जाएगा, जबकि 200 किलोमीटर से ज़्यादा यात्रा करने वाले एथलीट इकोनॉमी क्लास के हवाई किराए के हकदार होंगे।