HP Education Department: दिव्यांग कोटे से 50 मुख्याध्यापक बने प्रधानाचार्य, 14 को उपनिदेशक पद पर प्लेसमेंट
हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने दिव्यांग आरक्षण श्रेणी के तहत 50 मुख्याध्यापकों को प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति दी है। इनमें दो दिवंगत शिक्षकों को सेवा और वित्तीय लाभ के लिए मरणोपरांत पदोन्नति प्रदान की गई है। सरकार ने 14 प्रधानाचार्यों को नई तैनाती और 14 अन्य प्रधानाचार्यों को उपनिदेशक शिक्षा पद पर प्लेसमेंट भी दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग में दिव्यांग श्रेणी से संबंधित 50 मुख्याध्यापकों को प्रधानाचार्य (स्कूल कैडर) पद पर पदोन्नति प्रदान की है। इनमें दो की मुत्यु हो चुकी है। विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिशों के आधार पर जारी अधिसूचना में इन पदोन्नतियों को विभिन्न तिथियों से लागू किया गया है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह पदोन्नतियां कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के 27 अगस्त 2024 के निर्देशों के तहत दिव्यांगजन आरक्षण श्रेणी में दी गई हैं। पदोन्नत अधिकारियों को संशोधित वेतन नियम 2022 के लेवल-21 में प्रधानाचार्य पद का लाभ मिलेगा। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार इनमें से कई अधिकारी पहले से प्रधानाचार्य पद पर कार्यरत हैं, जबकि कुछ अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। दो मृतक शिक्षकों के मामलों में पदोन्नति लाभ केवल सेवा अभिलेखों तथा वित्तीय लाभों के निर्धारण के लिए लागू होगा।
पदोन्नत अधिकारी एफआर-22 के तहत वेतन निर्धारण का विकल्प अधिसूचना जारी होने की तिथि से एक माह के भीतर प्रयोग कर सकेंगे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नई तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण कर अपनी ज्वाइनिंग रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेजें। यह मामला लंबे समय से लंबित था और दिव्यांग श्रेणी के कई अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पाया था।
सरकार ने पदोन्नति के साथ 14 प्रधानाचार्यों की नई नियुक्तियां भी दी हैं। सुखराम को ग्वालपुर मंडी, सुनील कुमार चुहान चंबा, सुरिंदर कुमार को डैंकवां कांगड़ा, बिशन दास शर्मा को उरला मंडी, अंजू बाला को ततवानी कांगड़ा, संजीव कुमार को भरोली जदीद कांगड़ा, नरेश कुमार को सौर सोलन, दिनेश कुमार को बहडाला ऊना, लता कुमारी को नंज मंडी, राजेश कुमार को डाइट मंडी, राकेश कुमार को कढ़ ऊना, वीरेंद्र सिंह चौहान को डाइट शामलाघाट शिमला, अजय कुमार को सिंगा ऊना, लक्ष्मण सिंह को घासनू मंडी में नियुक्ति दी गई है।
शिक्षा विभाग में 14 प्रधानाचार्यों (स्कूल संवर्ग) को उपनिदेशक शिक्षा के पद पर प्लेसमेंट प्रदान की है। उपमा शर्मा को उपनिदेशक क्वालिटी चंबा, विजय कुमार और अनिल कुमार (धंगोटा) को मुख्यालय शिमला, ओंकार सिंह को प्रारंभिक किन्नौर, कृष्ण देव को उपनिदेशक उच्च शिक्षा कुल्लू, सुरेश कुमार को क्वालिटी लाहौल-स्पीति, नीरज गर्ग को क्वालिटी ऊना में तैनाती दी है। मनोहर को प्रारंभिक चंबा, सीमा धीमान को परिवहन विभाग के रोड सेफ्टी सेल, ज्ञान चंद को क्वालिटी कुल्लू, नवनीत ठाकुर को सेकेंडरी लाहौल-स्पीति, अनीता शर्मा को क्वालिटी सिरमौर, मदन लाल को सेकेंडरी सिरमौर तथा अनिल कुमार (जसूर) को क्वालिटी शिमला में तैनात किया गया है। सरकार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे वर्तमान में अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अधिकारियों से कार्यभार लेकर तुरंत नई तैनाती स्थल पर ज्वाइन करें।