कांगड़ा-चंबा सीट: भाजपा ने लगाया जीत का चौका, 2,51,964 वोटों से जीते डाॅ. राजीव भारद्वाज
नतीजे ने साफ कर दिया कि कांगड़ा-चंबा के मतदाताओं में मोदी नाम का अंडर करंट रहा। स्थानीय और बाहरी प्रत्याशी के मुद्दे को भी तवज्जो मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांगड़ा-चंबा लोकसभा सीट पर भाजपा जीत का चौका लगाने में कामयाब रही। कद्दावर नेता आनंद शर्मा के जरिये भाजपा के विजय रथ को थामने की कोशिश में कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी। नतीजे ने साफ कर दिया कि कांगड़ा-चंबा के मतदाताओं में मोदी नाम का अंडर करंट रहा। स्थानीय और बाहरी प्रत्याशी के मुद्दे को भी तवज्जो मिली। राष्ट्रीय राजनीति के चर्चित चेहरे आनंद शर्मा की कद्दावर छवि भी मतदाताओं को प्रभावित नहीं कर सकी। कांग्रेस के 11 सीटिंग एमएलए की फौज भी कोई कमाल नहीं दिखा सकी।
डॉ. राजीव भारद्वाज की शानदार जीत को देखें तो इसके पीछे कई कारण रहे, जिन्होंने गुपचुप तरीके से मतदाताओं को प्रभावित किया। प्रधानमंत्री मोदी का नाम-काम और व्यक्तित्व इनमें सबसे आगे माना जा सकता है। भाजपा ने पूरा चुनाव इसी को केंद्र में रखकर लड़ा। महीनों पहले से संगठन की सक्रियता और व्यापक पार्टी कैडर की ताकत ने जमीनी स्तर पर अपना काम किया। प्रचार में धरतीपुत्र और बाहरी का मुद्दा उठाकर भाजपा के साथ स्थानीय जनभावनाओं को जोड़ने में भी कामयाब रही। डॉ. भारद्वाज भले ही पहला चुनाव लड़े लेकिन, चुनाव लड़वाने का उन्हें खासा अनुभव है।
धरे रह गए कांग्रेस के अनुमान
कमजोर संगठन के सहारे चुनाव लड़ रही कांग्रेस को संसदीय क्षेत्र में मौजूद अपने विधायकों पर भरोसा और आनंद शर्मा की कद्दावर छवि से आस थी। आनंद शर्मा भी विधायकों के संख्या बल को देखकर ही दिल्ली से कांगड़ा-चंबा की जंग में कूदे थे। लेकिन, सारे अनुमान धरे के धरे रह गए। कांग्रेस के 11 विधायक बड़ा उलटफेर करवाने में नाकाम रहे। आनंद ने मतदाताओं के बीच जाकर हिमाचल खासकर कांगड़ा के लिए किए गए अपने कार्यों की दुहाई देकर संसदीय क्षेत्र से अपना जुड़ाव होने की दलीलें रखीं। कांगड़ा-चंबा को लेकर भविष्य के अपने विजन और प्लान से भी अवगत कराया। बावजूद इसके, वह मतदाताओं को प्रभावित नहीं कर पाए।
विधानसभा क्षेत्र लीड
चुराह 11,343
चंबा 19,473
डलहौजी 14,292
भटियात 13,166
नूरपुर 18,732
इंदौरा 14,030
फतेहपुर 14,365
जवाली 12,640
ज्वालामुखी 15470
जयसिंहपुर 8,833
सुलह 14,199
नगरोटा 8,221
कांगड़ा 22,662
शाहपुर 21,729
धर्मशाला 13,251
पालमपुर 8,718
बैजनाथ 17,081
प्राथमिकताएं
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। परिणाम के बाद खुशी महसूस हो रही है। पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनकी नीतियां और योजनाएं, देश और राष्ट्र के प्रति उनका जो समर्पण है। उस पर मुहर लगाते हुए जनता ने वोट किया है।