हिमाचल पुलिस का फैसला: संवेदनशील बर्फीले रूटों पर लोगों को रेस्क्यू करेगी क्यूआरटी, निर्देश जारी
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के बदलते मिजाज और ताजा बर्फबारी को देखते हुए प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सैलानियों की सुरक्षा के लिए विशेष रेस्क्यू प्लान तैयार किया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के बदलते मिजाज और ताजा बर्फबारी को देखते हुए प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सैलानियों की सुरक्षा के लिए विशेष रेस्क्यू प्लान तैयार किया है। प्रदेश के अति संवेदनशील बर्फीले मार्गों पर पर्यटकों और वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीमें (क्यूआरटी) तैनात की जा रही हैं। पुलिस मुख्यालय ने लाहौल-स्पीति, कुल्लू, किन्नौर और शिमला के पुलिस अधीक्षकों को 24 घंटे मुस्तैद रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण सड़कों पर ब्लैक आइस जमने और विजिबिलिटी घटने से फिसलन बढ़ जाती है, जिससे वाहनों के स्किड होने और जाम में फंसने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने प्रदेश के सर्वाधिक संवेदनशील बर्फीले रूटों को चिन्हित कर वहां क्यूआरटी जवानों की तैनाती का फैसला किया है। इनमें अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर (साउथ व नॉर्थ पोर्टल), मनाली-लेह मार्ग, जलोड़ी जोत, शिंकुला व बारालाचा दर्रे और किन्नौर का पूह-काजा संपर्क मार्ग प्रमुख हैं। इसके साथ ही शिमला जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे कुफरी-फागू, नारकंडा और खड़ापत्थर स्ट्रेच पर भी क्यूआरटी सक्रिय रहेगी, ताकि बर्फबारी शुरू होते ही तुरंत मोर्चा संभाला जा सके। हाल ही में लाहौल एवं स्पीति के गोंदला और रोपांग नाला में भारी हिमपात के बीच कई पर्यटक वाहन फंस गए थे, जिन्हें पुलिस जवानों ने हाड़ कंपाने वाली ठंड के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित निकाला था।
इसी अनुभव के आधार पर क्यूआरटी को विशेष उपकरणों और प्राथमिक राहत सामग्री से लैस किया जा रहा है। ये टीमें स्थानीय प्रशासन, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ निरंतर वायरलेस व सेटेलाइट संपर्क में रहकर मार्गों को सुचारू बनाए रखने और फंसे यात्रियों को निकालने का काम करेंगी। पुलिस प्रशासन ने बाहरी राज्यों से आने वाले सैलानियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। पर्यटकों से अपील की गई है कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा पर निकलने से पहले स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान और मार्ग की स्थिति की जानकारी अनिवार्य रूप से लें। बर्फबारी के दौरान जोखिम भरे घोषित या बंद मार्गों पर जाने की गलती न करें।
सैलानियों और आम जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील बर्फीले मार्गों पर क्यूआरटी और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद हैं, पर्यटक मौसम की एडवाइजरी का पालन कर ही यात्रा करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 पर संपर्क करें।- अशोक तिवारी, पुलिस महानिदेशक, हिमाचल प्रदेश