Himachal Weather: लाहौल में फटा बादल, राज्य में भूस्खलन से 105 सड़कें बाधित, इतने दिन बरसेंगे बादल, वीडियो
प्रदेश में बारिश-भूस्खलन की वजह से मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक 105 सड़कें बाधित रहीं। इसके अतिरिक्त 36 बिजली ट्रांसफार्मर व 15 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं। सबसे अधिक सड़कें कुल्लू व मंडी जिले में प्रभावित हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
माैसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच शिमला सहित प्रदेश के कई भागों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में बारिश-भूस्खलन की वजह से मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक 105 सड़कें बाधित रहीं। इसके अतिरिक्त 36 बिजली ट्रांसफार्मर व 15 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं। सबसे अधिक सड़कें कुल्लू व मंडी जिले में प्रभावित हैं। उधर, लाहौल के चोखंग के गौरी नाला में बादल फटने के कारण चोखंग-नैनगाहर सड़क अवरूद्ध हो गई है। करीब 400 मीटर सड़क बहने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। सोमवार देर शाम को हुई घटना के बाद लोक निर्माण विभाग ने मंगलवार सुबह से सड़क की बहाली का कार्य शुरू कर दिया है। सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से नीलकंठ जाने वाले श्रद्धालु व क्षेत्र के किसानों की सब्जी से भरी गाड़ियां भी फंस गई हैं। मूरिंग पंचायत के प्रधान संदीप पुजारा ने कहा कि घाटी में सब्जियों का सीजन जोरों पर है, ऐसे में सड़क को जल्द बहाल किया जाए। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरन भड़ाना ने कहा कि बादल फटने से सड़क का हिस्सा बह गया है।
मानसून सीजन में अब तक 196 लोगों को गंवानी पड़ी जान
इस मानसून सीजन में 30 जून से 17 अगस्त तक प्रदेश में आपदा की वजह से 196 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 299 लोग घायल हुए हैं। 32 पक्के और 53 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं 312 कच्चे-पक्के मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है। इसके अलावा 14 दुकानों व 270 गोशालाओं को भी नुकसान पहुंचा है। इस अवधि के दाैरान 425 पालतु पशु-पक्षियों की माैत हो गई। प्रदेश में इस मानसून में नुकसान का आंकड़ा 99,479.96 लाख रुपये पहुंच गया है।
कई भागों में 24 अगस्त तक जारी रहेगी बारिश
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 24 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। आज चंबा, कांगड़ा व कुल्लू जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि मंडी, शिमला व सिरमाैर जिले के लिए येलो अलर्ट है। इसी तरह 19 अगस्त के लिए हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला व सिरमाैर जिले के लिए येलो अलर्ट है। 20 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू व मंडी में येलो अलर्ट है। 21 अगस्त के लिए कांगड़ा व मंडी जिले में कुछ भागों के लिए येलो अलर्ट है।
कहां कितनी बारिश
बीते 24 घंटों के दाैरान कोठी में 71.4, धर्मशाला 52.2, कसौली 52.0, काहू 47.4, नाहन 46.4, धर्मशाला 45.0, जोत 42.4, सुंदरनगर 24.9, शिमला 14.7, धाैलाकुआं 22.5, व पांवटा साहिब में 13.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शिमला के टूटू चाैक पर भूस्खलन से एक शेड व शाैचालय क्षतिग्रस्त हो गया। भूस्खलन से साथ लगते घर खतरे की जद में आ गए हैं। स्थानीय लोगों ने पानी की उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.