हिमाचल माैसम: कई भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, ताबो का पारा शून्य में, जानें पूर्वानुमान
प्रदेश के कई भागों में दो दिन हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। आज राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में धूप खिली हुई है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में दो दिन हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। शनिवार को राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में धूप खिली रही। वहीं ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ केंद्रों पर अधिकतम तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं
मौसम केंद्र शिमला के अनुसार पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य के करीब रहा। कुछ स्थानों पर यह सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था। उच्च पहाड़ियों में न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मध्य पहाड़ियों में यह छह से 17 डिग्री सेल्सियस और निचले पहाड़ियों/मैदानों में 12 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में भी कुछ स्थानों पर कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया।
आगामी दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने बताया कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय है। इसके प्रभाव से 1 और 2 नवंबर को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। 3 से 6 नवंबर तक पूरे प्रदेश में माैसम शुष्क रहने का अनुमान है। अगले चार-पांच दिनों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
इन जिलों में बरसेंगे बादल
ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में 1 और 2 नवंबर को हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। मंडी और किन्नौर में 2 नवंबर को हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। विभाग ने अगले सात दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 10.5, सुंदरनगर 12.2, भुंतर 9.9, कल्पा 4.4 , धर्मशाला 13.8, ऊना 12.4, नाहन 14.0, केलांग 1.1, पालमपुर 10.0, सोलन 10.2, मनाली 5.9 , कांगड़ा 13.1, मंडी 13.5, बिलासपुर 11.5, कुफरी 7.4, भुंतर 12.0, सेऊबाग 8.8, बरठीं 13.8, पांवटा साहिब 17.0, ताबो 0.3 व बजाैरा में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।