Himachal Weather: फिर बिगड़ेगा माैसम, राज्य में लगातार तीन दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, जानें पूर्वानुमान
माैसम विभाग के अनुसार राज्य में लगातार तीन दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। कई जिलों में दो दिन अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में माैसम फिर बिगड़ने के आसार हैं। माैसम विभाग के अनुसार राज्य में लगातार तीन दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इस दाैरान जहां ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है वहीं मैदानी व कम ऊंचाई वाले भागों में झमाझम बारिश हो सकती है। कई जिलों में दो दिन अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मंगलवार को राजधानी शिमला व आसपास भागों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल छाए रहे। कई भी ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
कहां कितनी बारिश-बर्फबारी
वहीं बीते 24 घंटों के दाैरान मुरारी देवी में 27.0, सुंदरनगर 15.2, जोगिंद्रनगर 15.0, भरमौर 11.0, मनाली 7.0, चंबा 7.0, मंडी 7.0, सराहन 5.0, बग्गी 4.5, कुकुमसेरी 4.2, भुंतर 4.0, जोत 4.0, सलूणी 3.4, कल्पा 3.2, सियोबाग 2.4, सांगला 1.4, भरेड़ी 1.4, रामपुर 1.0 व पंडोह में 1.0 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं केलांग में 3.0 व कुकुमसेरी में 1 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। सोमवार रात को जोरदार बारिश के साथ अटल टनल के साथ रोहतांग दर्रा, शिंकुला दर्रा, बारालाचा सहित ऊंची चोटियों में बर्फबारी हुई। मंगलवार को खिली धूप के बीच लोगों ने राहत की सांस ली और पर्यटकों ने भी सोलंनगाला के साथे अटल टनल, सिस्सू और जलोड़ी दर्रा में बर्फ का आनंद लिया। जिले में बंद सड़कों केे साथ बिजली के ट्रांसफार्मर को बहाल करने काम जारी है। चंबा में मंगलवार को दिनभर तेज धूप खिली रही। मौसम खुलते ही अब धीरे-धीरे जिंदगी पटरी पर लौटने लगी है। हालांकि, जिले में चार मार्ग बंद होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। वहीं, जिले में 67 ट्रांसफार्मर बंद होने से 335 गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है।
30 मार्च तक ऐसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 24, 26 और 27 मार्च को राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 25 मार्च को राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। जबकि 28 मार्च को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होगी। 29 और 30 मार्च को राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। वहीं 26 व 28 मार्च को किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति को छोड़कर अन्य कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने का येलो अलर्ट है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 8.4, सुंदरनगर 9.9, भुंतर 7.0, कल्पा 0.8, धर्मशाला 7.2, ऊना 13.0, नाहन 10.2, पालमपुर 9.5, सोलन 9.4, मनाली 3.9, कांगड़ा 11.8, मंडी 10.7, बिलासपुर 13.0, जुब्बड़हट्टी 10.0, कुफरी 4.1, कुकुमसेरी 0.9, बरठीं 10.0, कसाैली 10.5, पांवटा साहिब 16.0, ऊना 6.5, देहरागोपीपुर 14.0, ताबो -0.2 व नेरी में 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। वहीं अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के आसार हैं।
क्षेत्र अधिकतम तापमान
ऊना 28.6
कांगड़ा 27.1
मंडी 25.2
नाहन 24.4
सोलन 23.2
धर्मशाला 22.0
कल्पा 21.3
मनाली 17.4
शिमला 16.4
ताबो 11.1
केलांग 6.2