हिमाचल: मंझोली की जमीन औद्योगिक पार्क के लिए उपयुक्त, केंद्रीय टीम ने लिया जायजा; युवाओं को रोजगार की उम्मीद
केंद्र सरकार की टीम ने नालागढ़ के मंझोली औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क के लिए चयनित करीब 150 एकड़ जमीन का निरीक्षण किया। 154 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पार्क के लिए जमीन प्रारंभिक तौर पर उपयुक्त पाई गई है। अब ऊना के बीटन में 75 एकड़ जमीन का जायजा लिया जाएगा। हिमाचल में पहले चरण में दो सहित कुल चार औद्योगिक पार्क विकसित करने की योजना है। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क बनाने का रास्ता साफ होता दिख रहा है। केंद्र सरकार की टीम ने शनिवार को नालागढ़ स्थित मंझोली औद्योगिक क्षेत्र में करीब 150 एकड़ जमीन पर 154 करोड़ रुपये की लागत से औद्योगिक पार्क के लिए चयनित जमीन का निरीक्षण किया।
टीम ने मौके पर जमीन की फिजिबिलिटी का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर जमीन औद्योगिक पार्क के लिए उपयुक्त पाई गई है। अब केंद्रीय टीम की ओर से ऊना जिले के बीटन में 75 एकड़ भूमि पर 80 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले पार्क की जमीन का निरीक्षण किया जाना है।
प्रदेश सरकार ने हिमाचल में चार औद्योगिक पार्क विकसित करने की तैयारी की है। पहले चरण में दो पार्क स्थापित किए जाने हैं। इन पार्कों के लिए केंद्र सरकार से करीब 600 करोड़ रुपये की सहायता मिलने की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य इन औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के साथ ही प्रदेश के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करना है। अनुमान है कि प्रस्तावित पार्कों से करीब 15 हजार युवाओं को रोजगार मिल सकता है। औद्योगिक पार्कों में प्लग एंड प्ले सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा
इसका मतलब है कि उद्योगों को जमीन उपलब्ध कराने के साथ ही सड़क, बिजली, पानी, ड्रेनेज और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाएं विकसित रूप में मिल सकेंगी। इससे निवेशकों को इकाई स्थापित करने में कम समय लगेगा और प्रदेश में नए उद्योग लगाने की प्रक्रिया भी तेज होगी। प्रदेश सरकार इन पार्कों को औद्योगिक निवेश के नए केंद्र के तौर पर विकसित करना चाहती है। केंद्र से स्वीकृति और वित्तीय सहायता मिलने के बाद जमीन के विकास तथा आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। मझोली और बीटन की जमीन का निरीक्षण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिमाचल में चार औद्योगिक पार्क का निर्माण होना है। एक प्रस्तावित औद्योगिक पार्क के लिए चयनित जमीन का केंद्रीय टीम ने जमीन का निरीक्षण किया है। दो पार्क की डीपीआर केंद्र को भेजी गई थी। अब दो अन्य पार्क की डीपीआर तैयार की जा रही है। - हर्षवर्धन चौहान, उद्योग मंत्री, हिमाचल सरकार