Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   shimla gold trading cyber fraud retired officer loses 1.29 crore

हिमाचल: पहले 10 के बनाए 20 हजार, फिर बुजुर्ग को लगाया 1.29 करोड़ का चूना; गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी

Fri, 27 Nov 2026 09:39 AM IST
Ankesh Dogra देवेंद्र ठाकुर, शिमला।
देवेंद्र ठाकुर, शिमला। Published by: Ankesh Dogra Updated Fri, 27 Nov 2026 09:39 AM IST
सार

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ठगों ने पहले 10 हजार रुपये को 20 हजार बनाकर बुजुर्ग का भरोसा जीता और फिर उनसे किस्तों में 1.29 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन
shimla gold trading cyber fraud retired officer loses 1.29 crore
शिमला में गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर बुजुर्ग से 1.29 करोड़ रुपये की ठगी हुई। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

आप भी सोशल मीडिया पर शेयर बाजार या गोल्ड में निवेश कर लाखों रुपये कमाने के सपने देख रहे हैं तो सावधान हो जाएं। ऐसा करना आपकी जीवनभर की जमा पूंजी को दांव पर लगा सकता है। जिले में इसी तरह का एक मामला सामने आया है, जहां गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग (सेवानिवृत्त अधिकारी) से 1.29 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। साइबर क्राइम सेल ने शिकायत मिलने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मामला कुछ दिन पहले का है। शिमला के रहने वाले एक बुजुर्ग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट देखी। इस दौरान उन्हें एक विज्ञापन दिखाई दिया जिसमें गोल्ड ट्रेडिंग और शेयर बाजार में निवेश के लिए तकनीकी प्रशिक्षण देने की जानकारी दी थी। 

विज्ञापन
Trending Videos

उन्होंने विज्ञापन में दिए लिंक पर क्लिक किया तो साइबर ठगों ने उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। यहां कुछ दिनों तक उन्हें शेयर बाजार में निवेश करने के तरीके बताए गए। इस दौरान गोल्ड ट्रेडिंग में निवेश करने की सलाह भी दी गई। ठगों के जाल में फंसकर बुजुर्ग ने शुरुआत में 10 हजार रुपये निवेश किए। कुछ ही दिनों में यह रकम बढ़कर 20 हजार रुपये हो गई और उन्हें यह पैसा वापस भी मिल गया। इससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एक के बाद एक कई किस्तों में 1.29 करोड़ रुपये अपनी जीवनभर की जमा पूंजी साइबर ठगों के बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

इस बीच शेयर बाजार में आई गिरावट का हवाला देकर ठगों ने उन्हें बताया कि भारत सहित वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट के कारण काफी नुकसान हुआ है। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि नुकसान की भरपाई कर दी जाएगी, लेकिन इसके लिए उन्हें और पैसे जमा करवाने होंगे। इस पर पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने साइबर क्राइम थाना शिमला में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी प्रदेश में शेयर बाजार और गोल्ड में निवेश के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी के कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस ने लोगों से एहतियात बरतने की सलाह दी है।

विज्ञापन

साइबर ठगी से ऐसे करें बचाव
अनजान ग्रुप से बचें : व्हाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप में मिलने वाली ट्रेडिंग टिप्स और नकली संस्थागत निवेश के प्रस्तावों पर भरोसा न करें। ठग अक्सर पंजीकृत संस्थाओं के नाम और पहचान का दुरुपयोग करते हैं।

गारंटीड रिटर्न के झांसे में न आएं : कम समय में रकम दोगुनी करने या निश्चित रूप से अधिक मुनाफा देने के वादे साइबर ठगी के संकेत हो सकते हैं।

तीसरे पक्ष के खातों में पैसे न भेजें : किसी अनधिकृत एप, अज्ञात लिंक या व्यक्ति के निजी बैंक खाते अथवा यूपीआई पर रकम ट्रांसफर न करें।

अनधिकृत प्लेटफॉर्म से रहें दूर : बिना सत्यापन वाले विदेशी ट्रेडिंग एप, चिटफंड और पोंजी जैसी योजनाओं में निवेश करने से बचें।

गोल्ड में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोगों से आग्रह है कि शेयर बाजार और गोल्ड ट्रेडिंग के लिए केवल सेबी से पंजीकृत प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के संपर्क में आकर अपनी जमा पूंजी जोखिम में न डालें। -अमित यादव, एसपी, साइबर क्राइम 

डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर भी लोगों से की जाती है ठगी
डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी का एक खतरनाक तरीका बनकर उभरा है। इसमें ठग खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या अदालत का अधिकारी बताकर बुजुर्गों को फोन करते हैं। मनी लॉन्ड्रिंग या किसी गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी देकर उन्हें मानसिक दबाव में लिया जाता है और गिरफ्तारी से बचाने के नाम पर बड़ी रकम ट्रांसफर करवाई जाती है।

कांगड़ा और शिमला क्षेत्रों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों और बुजुर्गों से लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक की ठगी की गई। एक मामले में ठगों ने दंपती को 16 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट में रखकर करीब एक करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दिया। साइबर ठग अब तकनीक का सहारा लेकर भी लोगों को निशाना बना रहे हैं। नकली बैंक मैनेजर बनकर फोन करना और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी मांगना आम तरीका है।

इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डीपफेक तकनीक के जरिये रिश्तेदारों की आवाज और चेहरे की नकल कर इमरजेंसी का बहाना बनाया जाता है। ठग खुद को परिवार का सदस्य बताकर तत्काल पैसों की मांग करते हैं और बुजुर्गों को भावनात्मक दबाव में लेकर ठगी को अंजाम देते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed