Shimla: जिला परिषद के होंगे अब 25 वार्ड, प्रशासन ने जारी की अंतिम अधिूसचना
अब जिला परिषद के कुल 25 वार्ड होंगे। पहले 24 वार्ड थे। खशधार वार्ड को विभाजित कर क्वार को नया जिला परिषद वार्ड बनाया गया है।
विस्तार
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए कवायद तेज हो गई है। जिला शिमला में जिला परिषद वार्डाें के अंतिम प्रकाशन के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। अब जिला परिषद के कुल 25 वार्ड होंगे। पहले 24 वार्ड थे। खशधार वार्ड को विभाजित कर क्वार को नया जिला परिषद वार्ड बनाया गया है। प्रशासन ने मंगलवार को जिला परिषद वार्डों के पुनर्सीमांकन को लेकर अंतिम अधिूसचना जारी की। अब इसके बाद रोस्टर तैयार करने का काम शुरू हो जाएगा। जिला प्रशासन का दावा है कि वार्डों के पुनर्सीमांकन को लेकर आई सभी आपत्तियों और दावों का निपटारा कर लिया गया है। इसके बाद अब वार्डों का अंतिम प्रकाशन किया जा रहा है। अंतिम अधिसूचना के अनुसार रामपुर विकास खंड के तहत आने वाला त्यावल ज्यूरी जिला परिषद का वार्ड नंबर एक होगा। इसमें 16 पंचायतें शामिल की गई हैं। झाकड़ी वार्ड में 10, नरैण वार्ड में 13, ननखड़ी विकास खंड के बगलती जिला परिषद वार्ड में 15 पंचायतें होंगी। छौहारा विकास खंड के तहत सीमा रंटाड़ी वार्ड में 15 पंचायतें, क्वार में 5, खशधार में 14 पंचायतें शामिल की गई हैं। रोहड़ू विकास खंड के तहत आने वाले अढाल जिला परिषद वार्ड में 19 पंचायतें, टिक्कर में 16 पंचायतें शामिल की गई हैं।
किस वार्ड में कितनी पंचायतें
जुब्बल विकास खंड के तहत आने वाले सरस्वती नगर जिला परिषद वार्ड में 19, बढाल में 14, कोटखाई विकास खंड के कलबोग वार्ड में 18, चौपाल कुपवी विकास खंड के मंझोली वार्ड में 23, पौड़िया वार्ड में 18, सरांह वार्ड में 22, ठियोग विकास खंड के घोड़ना वार्ड में 18, देवरीघाट वार्ड में 21, केलवी वार्ड में 20 पंचायतें शामिल की हैं। मशोबरा विकास खंड के तहत आने वाले चमियाना वार्ड में 15, बल्देयां वार्ड में 15, टुटू विकास खंड के तहत बढ़ई वार्ड में 15, हलोग धामी में 19 पंचायतें शामिल होंगी। बसंतपुर विकास खंड के तहत आने वाले बसंतपुर वार्ड में 24 पंचायतें शामिल होंगी। कुमारसैन वार्ड में 14 जबकि भुट्टी वार्ड में 14 पंचायतें शामिल की हैं।
अब मंडलायुक्त के पास दर्ज होंगी आपत्तियां
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से जारी जिला परिषद वार्डों के अंतिम प्रकाशन पर यदि किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति है तो वे इसके जारी होने के दस दिन के भीतर मंडलायुक्त के पास अपील दायर कर सकता है।
पंचायतों का पुनर्सीमांकन अंतिम चरण में
जिला शिमला में पंचायतों के पुनर्सीमांकन की प्रक्रिया भी लगभग अंतिम चरण में है। 15 नई पंचायतों के गठन को लेकर आई आपत्तियों पर सुनवाई पूरी की जा रही है। इसी हफ्ते इनके अंतिम प्रकाशन की अधिसूचना भी जारी करने की तैयारी है। मंगलवार को आपत्तियां देने का आखिरी दिन था। कई पंचायतों के लोग उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और अपनी आपत्तियां दर्ज करवाईं। अब जल्द सुनवाई पूरी की जाएगी।