HP Rajya Sabha elections: सीएम सुक्खू बोले- हिमाचली होगा राज्यसभा सांसद, जल्द उम्मीदवार के नाम की होगी घोषणा
हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं होने से भाजपा भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और अंतिम फैसला टाल रही है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राज्यसभा प्रत्याशी का नाम तय हो चुका है, बुधवार को नाम का एलान होगा। उधर, नामांकन प्रक्रिया विधानसभा परिसर में बुधवार को पूरी की जाएगी। नामांकन से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें चुनाव रणनीति पर चर्चा होगी।
हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे राज्यसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ कांग्रेस ने एकजुटता का दावा किया है। संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पार्टी का उम्मीदवार हिमाचल का हो या प्रदेश से बाहर का, कांग्रेस विधायक पूरी मजबूती के साथ उसके पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार राज्यसभा चुनाव में किसी प्रकार की क्रॉस वोटिंग नहीं होगी और सभी विधायक एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी को जीत दिलाएंगे।
हिमाचली होगा राज्यसभा चुनाव का प्रत्याशी
वहीं, बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी हिमाचली होगा। जल्द उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा- सत्तारूढ़ कांग्रेस को कोई डर नहीं है और पिछले राज्यसभा चुनाव की तरह इस बार लोकतंत्र को खरीदने नहीं देंगे।