HPU Shimla: इस दिन से शुरू होंगी यूजी-पीजी की वार्षिक परीक्षाएं, एचपीयू ने जारी की फाइनल डेटशीट
प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने यूजी और पीजी की वार्षिक परीक्षाओं की फाइनल डेटशीट जारी कर दी है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने यूजी और पीजी की वार्षिक परीक्षाओं की फाइनल डेटशीट जारी कर दी है। एचपीयू प्रशासन के मुताबिक बीए, बीएससी, बीकॉम, शास्त्री, बीए ऑनर्स अंग्रेजी, मनोविज्ञान, भूगोल, बीएससी ऑनर्स बायोटेक्नोलॉजी-माइक्रोबायोलॉजी और अर्थशास्त्र प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की परीक्षाएं 28 मार्च से शुरू होंगी। इसके अलावा, बीएएमएस द्वितीय प्रोफेशनल और बीएएमएस तृतीय वर्ष की पूरक परीक्षाओं की डेटशीट भी जारी की गई है। इन परीक्षाओं का आयोजन भी 28 मार्च से किया जाएगा।
विवि प्रशासन ने सभी कॉलेजों को डेटशीट के अनुसार तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विवि ने इन सभी पाठ्यक्रमों की अंतिम डेटशीट अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। परीक्षाएं सुबह-शाम दो सत्रों में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा शाखा के अनुसार कॉलेजों और विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर परीक्षाओं के आयोजन की तैयारियां की गई हैं। विवि ने स्पष्ट किया है कि अब परीक्षा डेटशीट में किसी प्रकार के बदलाव या तिथि परिवर्तन के अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
विद्यार्थियों को सलाह दी है कि परीक्षा से पहले विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत डेटशीट, विषयवार तिथियाें और परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारी देख लें ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने। विवि के परीक्षा नियंत्रक श्याम लाल कौशल ने बताया कि कॉलेजों और विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर अंतिम डेटशीट जारी कर दी गई है। अब इसमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा। सभी विद्यार्थी डेटशीट अनुसार अपनी तैयारी करें।
तकनीकी पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 16 मार्च से होंगी
स्नातक के अलावा विश्वविद्यालय ने तकनीकी पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं की तिथियां भी घोषित कर दी हैं। इनमें एमटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी, सिविल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू होंगी।
एमएससी और एमए अर्थशास्त्र का परिणाम घोषित
एचपीयू ने नवंबर-दिसंबर 2025 में आयोजित अलग-अलग परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। विवि के मुताबिक,एमएससी डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस नियमित बैच के तीसरे सेमेस्टर का परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। एमए अर्थशास्त्र जनवरी बैच के प्रथम सेमेस्टर पुनः परीक्षा का परिणाम 95.24 प्रतिशत, दूसरे सेमेस्टर का परिणाम 68.42, तीसरे सेमेस्टर पुनः परीक्षा और चौथे सेमेस्टर का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। अभ्यर्थी अपना परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपनी लॉगिन आईडी से देख सकते हैं।