कांगड़ा: मांझी पुल पर निजी बस ने स्कूटी को रौंदा, युवक की मौके पर मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
पुलिस थाना गगल के तहत निजी बस के टायर के नीचे आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद बस का चालक और परिचालक तुरंत मौके से फरार हो गए।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के गगल में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। पुलिस थाना क्षेत्र के मांझी पुल पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार निजी बस की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में रछियालू निवासी संदीप कुमार (40) की जान चली गई। हादसे के बाद बस के चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। वहीं हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बस में जमकर तोड़फोड़ की और चालक-परिचालक को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर सड़क पर धरना दिया। ग्रामीणों के प्रदर्शन के चलते नेशनल हाईवे करीब पांच घंटे तक जाम रहा। इस दौरान एंबुलेंस समेत सैकड़ों वाहन फंसे रहे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो संदीप कुमार शनिवार सुबह स्कूटी पर दूध देने गगल गया था। दूध बांटकर घर लौटते समय वह मांझी पुल पर सड़क के किनारे स्कूटी पर बैठकर दूसरी तरफ जाने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आई निजी बस ने सड़क किनारे खड़ी उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से संदीप बस के अगले टायर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसका हेलमेट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सुबह करीब 9:03 बजे हुए इस हादसे में संदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने बस में आग लगाने की चेतावनी तक दे डाली। वहीं पुलिस ने स्थिति संभालते हुए आगजनी को रोका, लेकिन गुस्साए लोगों ने बस की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। सुबह करीब 11:00 बजे ग्रामीण बस के आगे धरने पर बैठ गए और चालक-परिचालक को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुबह 11:10 बजे तहसीलदार कांगड़ा, 11:13 बजे एसडीएम अंजलि गर्ग और 11:15 बजे फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए। इसके बाद 11:28 बजे एसपी कांगड़ा कुलभूषण भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों की ओर से उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद दोपहर 1:20 बजे शव को सड़क से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसके बाद दोपहर 1:55 बजे हाईवे पर यातायात बहाल हो पाया।
हादसे के बाद लगे लंबे जाम ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मरीजों को लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस को वैकल्पिक रास्ते से गंतव्य तक पहुंचाना पड़ा। वहीं केरल से आए एक दंपती की गगल एयरपोर्ट से फ्लाइट भी जाम के कारण छूट गई। दंपती ने समय पर एयरपोर्ट पहुंचने के लिए रास्ता देने की गुहार लगाई, लेकिन वाहनों की लंबी कतार के कारण वे समय पर नहीं पहुंच सके। संदीप कुमार की मौत से रछियालू गांव में मातम पसरा है। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं, जिनकी उम्र महज तीन और सात साल है। पिता की अचानक मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि हादसे में शामिल निजी बस चंबा से पठानकोट की ओर जा रही थी। बस चालक की पहचान विजय कुमार निवासी पठियार के रूप में हुई है। आरोपियों ने बाद में पुलिस थाना पहुंच कर आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बस चालक का मेडिकल परीक्षण करवाया है। रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस थाना गगल में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं मृतक का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज टांडा में करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को फौरी राहत प्रदान की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार राहत राशि जारी की जाएगी।