{"_id":"66bc70260a4e91b9ae0fd1e3","slug":"former-indian-bowler-dodda-ganesh-became-head-coach-of-kenya-team-took-365-wickets-in-first-class-cricket-2024-08-14","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Dodda Ganesh: भारत का यह पूर्व गेंदबाज बना कीनिया टीम का मुख्य कोच, प्रथम श्रेणी क्रिकेट में लिए थे 365 विकेट","category":{"title":"Sports","title_hn":"खेल","slug":"sports"}}
Dodda Ganesh: भारत का यह पूर्व गेंदबाज बना कीनिया टीम का मुख्य कोच, प्रथम श्रेणी क्रिकेट में लिए थे 365 विकेट
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Wed, 14 Aug 2024 02:21 PM IST
विज्ञापन
सार
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'कीनिया क्रिकेट टीम का मुख्य कोच बनाया जाना मेरे लिए सम्मान की बात है।'
डोडा गणेश
- फोटो : Twitter
विज्ञापन
विस्तार
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज डोडा गणेश को 2026 टी20 विश्व कप के क्वालिफायर से पहले कीनिया की पुरुष क्रिकेट टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। 51 साल के गणेश ने भारत के लिए चार टेस्ट और एक वनडे मैच खेला था। उनकी जिम्मेदारी कीनिया की टीम और खिलाड़ियों से बेहतर क्रिकेट निकलवाने की होगी। डोडा चाहेंगे कि कीनियाई टीम उस दौर में लौटे जब वह लगातार विश्व कप में हिस्सा लेते थे। 1996 से 2011 के बीच कीनियाई टीम ने पांच विश्व कप में हिस्सा लिया था।
Trending Videos
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के इस एसोसिएट सदस्य देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2003 में रहा था जब वे संदीप पाटिल के रूप में एक भारतीय मुख्य कोच की मौजूदगी में दक्षिण अफ्रीका में हुए वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचे थे। कीनिया ने टी20 विश्व कप के सिर्फ एक टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया है। उन्होंने 2007 में दक्षिण अफ्रीका में हुए टी20 विश्व कप में हिस्सा लिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
डोडा गणेश
- फोटो : Twitter
तब से कीनियाई क्रिकेट टीम का ग्राफ लगातार गिरता चला गया। सितंबर में आईसीसी डिविजन दो चैलेंज लीग में वे पापुआ न्यू गिनी, कतर, डेनमार्क और जर्सी से भिड़ेंगे और अक्टूबर में टी20 विश्व कप अफ्रीका क्वालिफायर खेलेंगे। पुरुषों का 2026 टी20 विश्व कप भारत और श्रीलंका द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा। गणेश ने कहा कि वह नई भूमिका के लिए उत्सुक हैं।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'कीनिया क्रिकेट टीम का मुख्य कोच बनाया जाना मेरे लिए सम्मान की बात है।' मीडिया द्वारा यहां साझा किए गए एक वीडियो में गणेश को कीनिया क्रिकेट के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत करते देखा जा सकता है। कीनिया के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी लामेक ओनयांगो और जोसेफ अंगारा गणेश के सहायक कोच होंगे।
डोडा गणेश
- फोटो : Twitter
डोडा गणेश ने भारत के लिए चार टेस्ट और एक वनडे खेला। चार टेस्ट में उनके नाम पांच विकेट और एक वनडे में एक विकेट है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डोडा ने 104 मैचों में 365 विकेट लिए। इनमें 36 रन देकर सात विकेट उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। वहीं, लिस्ट-ए में डोडा ने 89 मैचों में 128 विकेट लिए थे। 27 रन पर पांच विकेट उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। इसके अलावा डोडा ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 18.39 की औसत से 2023 रन भी बनाए थे।