सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Hockey ›   India Beat New Zealand 2-0 to Win FIH Women Nations Cup Title, Hockey India Announces Prize Money

विमेंस नेशंस कप में भारत की बादशाहत: न्यूजीलैंड को 2-0 से रौंदकर बेटियों ने रचा इतिहास, PM मोदी ने भी दी बधाई

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ऑकलैंड Published by: शिवम गर्ग Updated Sun, 21 Jun 2026 04:57 PM IST
विज्ञापन
सार

एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 के फाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर खिताब जीत लिया है। इस ऐतिहासिक जीत पर हॉकी इंडिया ने प्राइज मनी का भी एलान किया है।

India Beat New Zealand 2-0 to Win FIH Women Nations Cup Title, Hockey India Announces Prize Money
महिला हॉकी टीम। - फोटो : Amar Ujala Graphics
विज्ञापन

विस्तार

भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को ऑकलैंड में खेले गए बेहद रोमांचक खिताबी मुकाबले में भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से शिकस्त दी। इस शानदार और ऐतिहासिक कामयाबी के तुरंत बाद हॉकी इंडिया ने पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ के लिए बंपर प्राइज मनी की घोषणा कर दी है।

शुरुआती क्वार्टर में ही भारत ने बनाई 2-0 की बढ़त
रविवार को खेले गए इस फाइनल मैच की शुरुआत में मेजबान न्यूजीलैंड की टीम ने गेंद पर ज्यादा नियंत्रण बनाए रखा और वे शुरुआती बढ़त हासिल करने के प्रयास में थे। हालांकि, मेहमान भारतीय टीम ने मैच का पहला बड़ा मौका तब भुनाया जब नवनीत कौर को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। नवनीत ने मैच के चौथे ही मिनट में एक जबरदस्त और दमदार स्ट्राइक के साथ इस सेट-पीस को गोल में तब्दील कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।

इसके बाद भारतीय टीम ने ट्रांजिशन में कमाल का खेल दिखाया और अपनी आक्रामकता से न्यूजीलैंड के डिफेंस को लगातार छकाया। पहले क्वार्टर में मिले पांचवें पेनल्टी कॉर्नर पर भारत ने अपनी बढ़त को दोगुना कर दिया। मैच के 15वें मिनट में सुनीलिता टोप्पो ने दीपिका के एक तेज शॉट को चतुराई से दिशा दिखाई और गेंद को गोल पोस्ट में डाल दिया, जिससे स्कोर 2-0 हो गया।

PM मोदी ने भी महिला हॉकी टीम पर जताया गर्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला हॉकी टीम को एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप में खिताब जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया।

पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय हॉकी खिलाड़ी देश के लिए गर्व और खुशी लेकर आए हैं। उन्होंने टीम को इस जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि देश के कई युवाओं को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

हॉकी इंडिया ने किया प्राइज मनी का एलान
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाते हुए हॉकी इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा "शान, आभार और सम्मान। टीम इंडिया की एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप 2025-26 खिताब जीत का सम्मान करते हुए, हॉकी इंडिया हर खिलाड़ी के लिए 3 लाख रुपए और सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य के लिए 1.5 लाख रुपए के नकद इनाम का एलान करता है। उस टीम के लिए एक सही इनाम जिसने देश का मान बढ़ाया है।"

शानदार डिफेंस के आगे बेबस दिखा न्यूजीलैंड

  • दूसरा क्वार्टर: दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने बेहद अनुशासित खेल जारी रखा। दूसरी तरफ न्यूजीलैंड ने अपनी लय हासिल करने और वापसी करने की भरपूर कोशिश की। मेजबान टीम को गोल का अंतर कम करने के कुछ मौके भी मिले, लेकिन दोनों में से कोई भी टीम दोबारा गोल नहीं दाग सकी। नतीजा यह रहा कि हाफटाइम तक भारत के पास 2-0 की मजबूत बढ़त बरकरार रही।

  • तीसरा क्वार्टर: हाफटाइम के बाद तीसरे क्वार्टर में भी भारत ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत रखी। भारतीय खिलाड़ियों ने ऐसा अभेद्य डिफेंस दिखाया कि मेजबान टीम गोल करने का एक भी साफ मौका नहीं बना पाई। भारत के तेजतर्रार खेल ने न्यूजीलैंड के डिफेंस को गलतियां करने पर मजबूर किया, हालांकि इस बीच नवनीत कौर के एक बेहतरीन रिवर्स शॉट को कीवी गोलकीपर ने रोक लिया।

  • चौथा क्वार्टर: आखिरी और चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही न्यूजीलैंड को एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला और उनके पास वापसी का मौका था। लेकिन भारतीय गोलकीपर सविता ने मुस्तैदी दिखाते हुए उस सेट-पीस का शानदार बचाव किया और भारत की 2-0 की बढ़त को सुरक्षित रखा। अंत तक भारतीय टीम ने इसी अनुशासित डिफेंस का प्रदर्शन जारी रखा और 2-0 से मैच जीतकर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।

टूर्नामेंट में अजेय रहा भारत, मिले कई सम्मान
यह भारतीय महिला हॉकी टीम की नेशंस कप में दूसरी खिताबी जीत है। इससे पहले भारत ने साल 2022 में आयोजित हुए इसके पहले सीजन का खिताब भी जीता था। इस पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम अजेय (बिना एक भी मैच हारे) रही। पूल-ए के मैचों में भारत ने क्रमशः यूएसए को (3-2), जापान को (2-1) और उरुग्वे को (3-2) से धूल चटाई थी। इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने चिली को 6-0 से एकतरफा शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया था।

फाइनल मुकाबले में शानदार खेल दिखाने वाली लालरेम्सियामी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' के अवॉर्ड से नवाजा गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में कुल छह गोल दागने वाली दीपिका टॉप स्कोरर रहीं, उन्होंने यह सम्मान यूएसए की एशले सेसा के साथ संयुक्त रूप से साझा किया। इस खिताबी जीत के साथ ही भारत ने अगले सीजन के एफआईएच हॉकी महिला प्रो लीग में भी अपनी जगह पक्की कर ली है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed