AirPods Max 2 Launch: बेहतर ANC, H2 चिप और एआई फीचर्स के साथ Apple के नए एयरपॉड्स लॉन्च, जानिए क्या-क्या बदला?
Apple AirPods Max 2: एपल ने भारत में अपने नए एयरपॉड्स मैक्स 2 लॉन्च कर दिए हैं। इसमें नई H2 चिप, 1.5 गुना बेहतर नॉइज कैंसिलेशन, लॉसलेस ऑडियो और स्मार्ट एआई फीचर्स मिलते हैं...आइए जानते हैं क्या रहने वाली है इसकी कीमत और फीचर्स...
विस्तार
अगर आप एपल के प्रीमियम हेडफोन्स के फैन हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। करीब 5 साल के लंबे इंतजार के बाद एपल ने अपना नया ओवर-ईयर हेडफोन एयरपॉड्स मैक्स 2 लॉन्च कर दिया है। दिखने में तो ये अपने पुराने मॉडल जैसा ही है लेकिन इसके अंदर एपल ने नई H2 चिप और कई धांसू स्मार्ट फीचर्स दिए हैं। ये आपके म्यूजिक सुनने के अनुभव को पूरी तरह से बदल देंगे। आइए समझते हैं कि इसमें क्या-क्या नया है और इसकी कीमत कितनी है।
भारत में कीमत और उपलब्धता
भारत में एयरपॉड्स मैक्स 2 को ₹67,900 की कीमत पर उतारा गया है। यह हेडफोन 5 बेहद खूबसूरत रंगों- ब्लू, मिडनाइट, ऑरेंज, पर्पल और स्टारलाइट में उपलब्ध होगा। खरीदारी की बात करें तो आप 25 मार्च से इसे ऑर्डर कर सकेंगे और अगले महीने की शुरुआत से यह आपके नजदीकी एपल स्टोर्स पर भी मिलने लगेगा। इसके साथ ही, कंपनी नए ग्राहकों को शानदार ऑफर्स भी दे रही है। इसमें 3 महीने का फ्री एपल म्यूजिक सब्सक्रिप्शन और टूटने-फूटने पर वारंटी कवरेज के लिए एपलकेयर+ का सपोर्ट शामिल है।
एयरपॉड्स मैक्स 2 में क्या है नया?
1. दमदार साउंड के लिए नई H2 चिप
पुराने हेडफोन में H1 चिप थी लेकिन इस नए मॉडल में एडवांस H2 चिप लगाई गई है। इससे ऑडियो क्वालिटी पहले से कहीं ज्यादा साफ और बेस दमदार हो गया है।
2. बाहर के शोर से पूरी तरह छुट्टी (1.5x बेहतर ANC)
इसका 'एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन' (ANC) अब 1.5 गुना ज्यादा ताकतवर है। इसका मतलब है कि फ्लाइट का शोर हो या ट्रैफिक की आवाज, यह हेडफोन बाहरी शोर को लगभग पूरी तरह ब्लॉक कर देता है।
3. स्मार्ट ट्रांसपेरेंसी मोड
अगर आप गाने सुनते हुए भी चाहते हैं कि आपको आस-पास की जरूरी आवाजें सुनाई दें तो इसका नया ट्रांसपेरेंसी मोड आपको एकदम नैचुरल आवाज देगा।
4. लॉसलेस ऑडियो और गेमिंग सपोर्ट
अब आप यूएसबी टाइप-सी केबल लगाकर हाई-क्वालिटी 'लॉसलेस ऑडियो' का मजा ले सकते हैं। गेमिंग करने वालों के लिए भी यह एकदम परफेक्ट है क्योंकि इसमें आवाज में कोई देरी (लो लेटेंसी) नहीं होती।
स्मार्ट और एआई फीचर्स का तड़का
एपल ने एयरपॉड्स मैक्स 2 में कई ऐसे शानदार फीचर्स दिए हैं जो इसे सही मायनों में स्मार्ट बनाते हैं। उदाहरण के लिए, इसका अडेप्टिव ऑडियो फीचर आपके आस-पास के माहौल के हिसाब से आवाज को अपने आप एडजस्ट कर लेता है। यानी शोर वाली जगह से शांत जगह में जाने पर आपको वॉल्यूम छेड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं, कन्वर्सेशन अवेयरनेस फीचर की मदद से जैसे ही आप किसी से बात करना शुरू करते हैं, गाने की आवाज खुद-ब-खुद कम हो जाती है। एपल इंटेलिजेंस से लैस होने के कारण इसमें लाइव ट्रांसलेशन की सुविधा भी मिलती है। ये अलग-अलग भाषाओं में हो रही बातचीत का तुरंत अनुवाद कर सकता है। एक और दिलचस्प फीचर कैमरा कंट्रोल का है। इससे अब आप हेडफोन के बटन का इस्तेमाल करके ही अपने आईफोन का कैमरा ऑपरेट कर सकते हैं। इसके अलावा, कॉलिंग के बेहतरीन अनुभव के लिए इसमें वॉयस आइसोलेशन दिया गया है। ये सुनिश्चित करता है कि आप चाहे कितनी भी भीड़ में हों, कॉल पर सामने वाले को आपकी आवाज एकदम साफ और क्लीयर सुनाई दे।
बैटरी और पर्यावरण का ख्याल
इस हेडफोन की बैटरी लाइफ भी काफी शानदार है। फुल चार्ज होने पर यह एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन (ANC) ऑन रहने के बावजूद 20 घंटे तक लगातार चलता है। साथ ही, जल्दी चार्ज करने के लिए इसमें फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया गया है। बेहतरीन परफॉर्मेंस के अलावा, एपल ने इसे बनाते समय पर्यावरण का भी पूरा ख्याल रखा है। यह पूरी तरह से एक इको-फ्रेंडली डिवाइस है। इसे 100% रीसायकल की गई सामग्री से बनाया गया है। उदाहरण के लिए, इसके ईयर कुशन पूरी तरह से रीसाइकिल किए गए पॉलिएस्टर से तैयार किए गए हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest gadgets News apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.
कमेंट
कमेंट X