AirPods Trick: एपल एयरपॉड्स को पहनने का सही तरीका क्या है? उल्टे पॉड्स का ट्रेंड क्यों हो रहा है वायरल?
AirPods Wearing Trick: क्या आपके एयरपॉड्स भी बार-बार कान से गिर जाते हैं? सोशल मीडिया पर आजकल एयरपॉड्स को 'उल्टा पहनने' की एक अनोखी ट्रिक वायरल हो रही है। दावा है कि इससे फिटिंग और साउंड क्वालिटी दोनों शानदार हो जाती है। लेकिन क्या यह वायरल हैक वाकई हर किसी के लिए काम करता है? जानिए इस ट्रिक की पूरी सच्चाई।
विस्तार
आजकल एयरपॉड्स हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गए हैं- चाहे जिम हो, कॉलेज हो या रोज का सफर। हर जगह लोग कानों में ये वायरलेस ईयरबड्स लगाए नजर आ जाते हैं। लेकिन टेक दुनिया में आजकल एक बहुत ही दिलचस्प बहस छिड़ गई है। क्या हम एयरपॉड्स को सही तरीके से पहन रहे हैं? इंटरनेट पर कुछ लोगों का मानना है कि अगर एयरपॉड्स को उल्टा पहना जाए तो आपका म्यूजिक सुनने का अनुभव पूरी तरह से बदल सकता है।
अगर आपके एयरपॉड्स अक्सर कान से गिर जाते हैं या आपको लगता है कि इनकी साउंड क्वालिटी वैसी नहीं मिल रही जैसी होनी चाहिए तो शायद गलती आपकी फिटिंग में है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसी ट्रिक वायरल हुई है, जिसने यूजर्स को दो गुटों में बांट दिया है।
क्या एयरपॉड्स उल्टा पहनना सच में बेहतर है?
पहली नजर में एयरपॉड्स को ऐसे पहनना थोड़ा अजीब जरूर लग सकता है। लेकिन लोगों के कमेंट्स से पता चलता है कि इसके पीछे काफी प्रैक्टिकल कारण हैं। कई यूजर्स का अनुभव है कि एयरपॉड्स को उल्टा लगाने से वे कानों में ज्यादा गहराई और मजबूती से फिट हो जाते हैं। इससे उनके आसानी से गिरने का डर खत्म हो जाता है। साथ ही, कुछ लोग तो वर्षों से इसी तरीके का इस्तेमाल कर रहे हैं क्योंकि उनके कानों की बनावट के हिसाब से एयरपॉड्स को उल्टा पहनना, सीधा पहनने की तुलना में कहीं ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित महसूस होता है।
तर्क यह है कि अगर एयरपॉड्स के भारी हिस्से को कान में नीचे की ओर (यानी उल्टा) करके पहना जाए तो यह कान के अंदर ज्यादा बेहतर तरीके से सेट हो जाता है। इससे उनके बार-बार गिरने का डर नहीं रहता। इसके साथ ही, बेहतर फिटिंग के कारण बाहरी आवाज कट जाती है और म्यूजिक ज्यादा साफ और तेज सुनाई देता है। इतना ही नहीं, कई लोगों का अनुभव तो यह भी है कि अगर आप घंटों तक ईयरबड्स का इस्तेमाल करते हैं तो उल्टा पहनने का यह तरीका सीधे पहनने की तुलना में कहीं ज्यादा कंफर्टेबल महसूस होता है।
हर कान की बनावट होती है अलग
हमारी उंगलियों के निशानों की तरह ही, हम सबके कानों का आकार और बनावट भी अलग-अलग होती है। यही वजह है कि जो एयरपॉड्स किसी एक व्यक्ति को एकदम परफेक्ट आते हैं, वो दूसरे के कान से बार-बार गिर सकते हैं।
मजाक से बना ट्रेंड
शुरुआत में कई लोगों ने इसे महज एक मजाक समझकर ट्राई किया था। एक छात्रा ने भी अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया कि उसने मजाक-मजाक में एयरपॉड्स को उल्टा पहना था। लेकिन उसे यह तरीका सीधे पहनने से कहीं ज्यादा आरामदायक लगा। आज कई यूजर्स नियमित रूप से अपने एयरपॉड्स उल्टे ही पहनते हैं।
क्या आपको भी यह ट्राई करना चाहिए?
एयरपॉड्स को उल्टा पहनना देखने में थोड़ा अजीब या फनी जरूर लग सकता है। लेकिन अगर आप अपने ईयरबड्स के बार-बार गिरने से परेशान हैं या आपको उनकी फिटिंग सही नहीं लग रही है तो इस ट्रिक को एक बार आजमाने में कोई हर्ज नहीं है। टेक्नोलॉजी का असली मजा उसी में है जो आपके लिए काम करे। आखिरकार, सबसे अच्छा तरीका वही है जिसमें आपके कान सबसे ज्यादा कंफर्टेबल महसूस करें।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest gadgets News apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.
कमेंट
कमेंट X