Apple का धमाका: आ रहे हैं कैमरे वाले नए AirPods, चैटजीपीटी की तरह देंगे हर सवाल का जवाब!
Apple AI AirPods Leak: एपल कथित तौर पर ऐसे नए एयरपॉड्स पर काम कर रही है, जिनमें बिल्ट-इन कैमरे होंगे और जो एआई-सक्षम सिरी अनुभव प्रदान करेंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार ये ईयरबड्स आसपास के माहौल को समझकर यूजर्स को स्मार्ट सुझाव और विजुअल एआई सहायता दे सकेंगे। यह कदम ओपनएआई और मेटा प्लेटफॉर्म्स जैसी कंपनियों के बढ़ते एआई हार्डवेयर मुकाबले के बीच एपल की नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एपल अपनी एआई-पावर्ड सिरी को लाने में भले ही थोड़ी देरी कर रहा हो। लेकिन कंपनी ओपनएआई और मेटा जैसी कंपनियों को एआई हार्डवेयर की रेस में खाली मैदान नहीं देना चाहती। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपल ऐसे नए एयरपॉड्स बनाने के आखिरी चरण में है, जिनमें इन-बिल्ट कैमरे लगे होंगे। यह एपल का पहला ऐसा वियरेबल डिवाइस हो सकता है। इसे खास तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर के लिए डिजाइन किया गया है।
सिरी को मिलेंगी 'आंखें'
इन नए एयरपॉड्स की सबसे बड़ी खासियत इनमें लगे इन-बिल्ट कैमरे होंगे, जो आसान शब्दों में सिरी के लिए 'आंखों' का काम करेंगे। काम करने के तरीके की बात करें तो दोनों ईयरबड्स में लगे ये कैमरे यूजर के आस-पास का लो-रेजोल्यूशन विजुअल डेटा कैप्चर करेंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि डिवाइस आसानी से समझ पाएगा कि आपके परिवेश में क्या चल रहा है। इससे सिरी आपको पहले से कहीं ज्यादा सटीक और स्मार्ट तरीके से मदद दे पाएगी।
चैटजीपीटी जैसा शानदार अनुभव
इन एयरपॉड्स का अनुभव काफी हद तक चैटजीपीटी के 'लाइव विजुअल मोड' जैसा होने की उम्मीद है, जहां एआई असल दुनिया को देखकर आपके सवालों के जवाब देता है। उदाहरण के लिए, अगर आप अपनी रसोई में रखी सब्जियों और मसालों को देख रहे हैं तो आप सीधे अपने एयरपॉड्स से पूछ सकते हैं कि इन चीजों को मिलाकर कौन सी डिश बनाई जा सकती है।
इसके बाद एआई कैमरों के जरिए उन सामग्रियों का विश्लेषण करेगा और आपको तुरंत बेहतरीन रेसिपी सुझा देगा। इतना ही नहीं, यह तकनीक रास्ता खोजने में आपकी मदद करने के साथ-साथ उन चीजों को याद दिलाने में भी सक्षम होगी जिन्हें आपने पहले कभी देखा था।
डिजाइन और लॉन्च में देरी की वजह
अगर डिजाइन की बात करें तो ये काफी हद तक एयरपॉड्स प्रो 3 जैसे ही दिखेंगे, बस कैमरों को फिट करने के लिए इनका स्टेम थोड़ा लंबा हो सकता है। जहां तक इसके लॉन्च का सवाल है, एपल की योजना इन्हें इसी साल की शुरुआत में 'मैकबुक नियो' के साथ उतारने की थी। लेकिन नई और बेहतर सिरी के पूरी तरह तैयार न होने के कारण इसे टालना पड़ा। अब ऐसी खबरें हैं कि कंपनी इसे सितंबर में लॉन्च कर सकती है और इस नए अवतार वाली सिरी में जेमिनी एआई मॉडल की ताकत देखने को मिल सकती है।
प्राइवेसी का रखा गया है खास ख्याल
कैमरा होने की वजह से निजता की चिंता होना लाजमी है। इसे सुलझाने के लिए एपल इन एयरपॉड्स में एक छोटी एलईडी लाइट दे रहा है। जब भी विजुअल डेटा प्रोसेस होने के लिए क्लाउड पर भेजा जाएगा, यह लाइट जल जाएगी। इससे आस-पास के लोगों को पता चल जाएगा कि कैमरे का इस्तेमाल हो रहा है। (हालांकि, ईयरबड्स छोटे होने के कारण यह लाइट कितनी साफ दिखेगी, यह देखना बाकी है)।
अभी किस स्टेज में है टेस्टिंग?
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, एपल पिछले 4 वर्षों से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है और फिलहाल इसके टेस्टिंग चरण जारी हैं। अभी यह डिवाइस 'डिजाइन वैलिडेशन टेस्टिंग' (DVT) के दौर में है, जहां एपल के टेस्टर्स इसके प्रोटोटाइप का इस्तेमाल करके यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हार्डवेयर और इसके फीचर्स ठीक से काम कर रहे हैं या नहीं।
इसके बाद यह डिवाइस अपने अंतिम चरण यानी 'प्रोडक्शन वैलिडेशन टेस्टिंग' (PVT) में जाएगा, जहां बाजार में उतारने की तैयारी के लिए इसके अर्ली-वर्जन बनाए जाएंगे। हालांकि, अगर इन कैमरों की विजुअल क्वालिटी एपल के कड़े मानकों पर खरी नहीं उतरती है तो इसकी लॉन्चिंग में और भी देरी देखने को मिल सकती है।
एपल का बड़ा एआई प्लान
यह डिवाइस सिर्फ एक अकेला प्रोडक्ट नहीं है, बल्कि एपल के उस बड़े एआई विजन का हिस्सा है जो भविष्य के गैजेट्स की दिशा तय करेगा। एयरपॉड्स के साथ-साथ कंपनी स्मार्ट ग्लासेस और कैमरे से लैस एक पहनने योग्य पेंडेंट पर भी काम कर रही है, जिन्हें अगले साल तक लॉन्च किया जा सकता है।
गौर करने वाली बात यह है कि एपल विजन प्रो के विपरीत, इन नए एयरपॉड्स या स्मार्ट ग्लासेस में हाथ के इशारों से कंट्रोल करने का फीचर नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा, एपल आईफोन के अनुभव को भी पूरी तरह बदलने की तैयारी में है। इसके तहत आईओएस 27 में सिरी के लिए एक खास 'कैमरा-बेस्ड मोड' लाया जा सकता है जो विजुअल एआई को हमारे इस्तेमाल के केंद्र में ले आएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest gadgets News apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.