Sony Playerbase Program: आप भी बन सकते हैं PlayStation गेम का कैरेक्टर, ऐसे करें अप्लाई
Become Video Game Character: क्या आपने भी कभी अपने पसंदीदा वीडियो गेम के अंदर खुद को देखने का सपना देखा है? Sony के नए 'Playerbase' प्रोग्राम के बदौलत अब मुमकिन है। इस खास पहल के जरिए गेमर्स को अपना चेहरा स्कैन करवाकर सीधे PlayStation गेम्स में एक कैरेक्टर के रूप में नजर आने का शानदार मौका मिल रहा है। आप कैसे इसका हिस्सा बन सकते हैं आइए देखते हैं।
विस्तार
आप जिस वीडियो गेम को घंटों खेलते हैं, सोचिए अगर आपको उसी गेम का कैरेक्टर बनने का मौका मिले। सुनने में भले ही यह किसी साइंस-फिक्शन फिल्म या सपने जैसा लगता है। लेकिन अब Sony के नए प्रोग्राम की बदौलत कुछ गेमर्स के लिए यह सच होने वाला है। कंपनी ने 'Playerbase' नाम से एक नई पहल शुरू की है, जो फैंस को उनके पसंदीदा PlayStation गेम्स के अंदर सीधे तौर पर फीचर होने का मौका दे रही है। आइए जानते हैं आप इसके लिए कैसे अप्लाई कर सकते हैं।
क्या है Playerbase प्रोग्राम?
सोनी का 'Playerbase' प्रोग्राम असल में एक अनोखी कम्युनिटी पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य गेमर्स और उनके पसंदीदा गेम्स के बीच के फासले को मिटाना है। इस प्रोग्राम के जरिए गेमिंग की दुनिया में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जहां चुने गए खिलाड़ियों के चेहरे और उनकी शारीरिक बनावट को स्कैन करके सीधे PlayStation के गेम्स में एक डिजिटल कैरेक्टर के रूप में शामिल किया जाएगा।
सोनी के आधिकारिक एलान के मुताबिक, इस रोमांचक सफर की शुरुआत मशहूर रेसिंग गेम Gran Turismo 7 के साथ होने जा रही है। हालांकि, भविष्य में PlayStation Studios के कई अन्य लोकप्रिय गेम्स को भी इस लिस्ट में जोड़ने की योजना है। इस प्रोग्राम के तहत जिस खिलाड़ी का चयन होगा, उसे एक सीमित समय के लिए गेम के अंदर एक विशेष कैरेक्टर के तौर पर फीचर किया जाएगा, जो किसी भी गेमर के लिए एक यादगार अनुभव होगा।
आप कैसे अप्लाई कर सकते हैं?
इस प्रोग्राम का हिस्सा बनने की प्रक्रिया काफी सरल और सीधी है। सबसे पहले आपको 'Playerbase' की आधिकारिक वेबसाइट (playstation.com/the-playerbase) पर जाकर अपने PlayStation अकाउंट के जरिए साइन-इन करना होगा। यहां आपको एक एंट्री फॉर्म भरना होगा, जिसमें आपको अपने गेमिंग सफर और PlayStation के साथ जुड़े अपने खास अनुभवों को साझा करना होगा।
आपके जरिए दी गई इन जानकारियों के आधार पर ही Sony की टीम कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट करेगी। जो खिलाड़ी इस शुरुआती दौर को पार करेंगे, उन्हें अगले चरण के लिए वीडियो इंटरव्यू से गुजरना होगा। इन इंटरव्यूज के बाद ही अंतिम विजेता का फैसला किया जाएगा। गौरतलब है कि इस प्रोग्राम के पहले चरण के लिए दुनिया भर से केवल एक ही भाग्यशाली खिलाड़ी को चुना जाएगा, जो गेमिंग के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराएगा।
सिलेक्ट होने पर क्या होगा?
अगर आप इस प्रोग्राम के लिए चुने जाते हैं तो आपके लिए गेमिंग का सफर सिर्फ स्क्रीन तक सीमित नहीं रहेगा। सोनी आपको एक शानदार ट्रिप पर लॉस एंजिल्स (LA) बुलाएगा, जहां आपको उनके प्रोफेशनल स्टूडियो में जाने का मौका मिलेगा। यहां की सबसे रोमांचक प्रक्रिया होगी फेस स्कैनिंग, जहां हाई-टेक कैमरों की मदद से आपके चेहरे और फीचर्स को कैप्चर किया जाएगा। इसके बाद, आपके इसी असली लुक को एक 3D मॉडल में बदलकर गेम के अंदर एक डिजिटल किरदार का रूप दिया जाएगा।
बात सिर्फ गेम में दिखने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि विजेता को क्रिएटिव काम में हाथ आजमाने का मौका भी मिलेगा। Gran Turismo 7 के उदाहरण को देखें तो चुना गया खिलाड़ी न केवल एक 'कैरेक्टर पोर्ट्रेट' के रूप में नजर आएगा, बल्कि उसे गेम के अंदर गाड़ियों के लिए कस्टम लोगो और व्हीकल लिवरी डिजाइन करने में भी शामिल किया जाएगा। यानी गेम की खूबसूरती में आपकी अपनी क्रिएटिविटी की छाप भी दिखाई देगी।
कौन कर सकता है अप्लाई?
यह प्रोग्राम अमेरिका, यूरोप, एशिया, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के चुनिंदा रीजन में लाइव है। सबसे अच्छी बात यह है कि भारत के PlayStation यूजर्स भी इसके लिए अप्लाई कर सकते हैं! आवेदन करने के लिए समय काफी सीमित है, इसलिए अगर आप भी गेम का हिस्सा बनना चाहते हैं तो जल्द अप्लाई करें। अंतिम विजेता की घोषणा इसी साल के अंत तक होने की उम्मीद है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest gadgets News apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.