अजब-गजब: पोलैंड में दिखा अनोखा नजारा, एक Humanoid Robot ने किया जंगली जानवरों का पीछा; देखें वीडियो
Humanoid Robot Viral Video: पोलैंड की राजधानी वॉरसॉ से एक बेहद दिलचस्प वीडियो सामने आया है, जिसमें 'एडवर्ड वारचोकी' नाम का एक ह्यूमनाइड रोबोट जंगली जानवर के झुंड को खदेड़ता नजर आ रहा है। यह वायरल वीडियो मजेदार तो है ही, साथ ही में ये यह भी दिखाता है कि कैसे रोबोट्स अब तेजी से हमारी आम जिंदगी और रोजमर्रा की दुनिया का हिस्सा बनते जा रहे हैं।
विस्तार
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद अजीब और मजेदार वीडियो वायरल हो रहा है। पोलैंड की राजधानी वॉरसॉ में 'एडवर्ड वारचोकी' नाम के एक ह्यूमनाइड रोबोट को जंगली सूअरों के एक झुंड का पीछा करते हुए देखा गया। यह घटना सिर्फ एक मजेदार वीडियो नहीं है, बल्कि यह दिखाती है कि कैसे रोबोट्स अब लैब से निकलकर आम दुनिया और अजीबोगरीब स्थितियों का हिस्सा बन रहे हैं। ह्यूमनाइड रोबोट वे रोबोट होते हैं जो इंसानों की तरह दिखते हैं।
क्या है इस वायरल वीडियो में?
इस छोटे से वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि सड़क किनारे कुछ जंगली सूअर खड़े हैं। तभी एक इंसानों जैसा दिखने वाला रोबोट उनकी तरफ बढ़ने लगता है। इस अजीबोगरीब मशीनी ढांचे को अपनी तरफ आता देख जानवर घबरा जाते हैं और वहां से भाग निकलते हैं। शहर के बीचों-बीच किसी मशीन और जंगली जानवरों का यह आमना-सामना इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है।
कौन है 'एडवर्ड वारचोकी'?
एडवर्ड वारचोकी पोलैंड का एक जाना-माना ह्यूमनाइड रोबोट है। इसकी अपनी आधिकारिक वेबसाइट है और यह सोशल मीडिया पर भी काफी मशहूर है। यह रोबोट अक्सर पब्लिक प्लेस पर आम लोगों से मिलता-जुलता और बातचीत करता नजर आता है। इसकी वजह से लोग इसे काफी पसंद करते हैं।
En polonia, unos jabalies se colaron en un barrio y se fueron perseguidos por un robot pic.twitter.com/RConY1SrxF
— ElBuni (@therealbuni) April 12, 2026
पोलैंड के शहरों में एक आम समस्या है जंगली सूअर
पोलैंड के कई शहरों और रिहायशी इलाकों में जंगली सूअरों का खाने की तलाश में भटकते हुए आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाना अब एक आम समस्या बन चुकी है। इन जानवरों की बढ़ती संख्या न केवल स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब है, बल्कि इनसे 'अफ्रीकन स्वाइन फीवर' जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना रहता है।
इसी जोखिम को देखते हुए और अपनी पोर्क इंडस्ट्री को बचाने के उद्देश्य से, पोलैंड में साल 2019 से इन जंगली सूअरों की आबादी को नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं। हालांकि, इन इलाकों में अक्सर इंसानों और सूअरों का आमना-सामना होता रहता है, लेकिन हाल ही में जिस तरह एक रोबोट ने इन्हें खदेड़ा, वह वाकई में एक बिल्कुल नया और मजेदार अनुभव है।
हमारी असल जिंदगी में कदम रख रहे हैं रोबोट्स
वॉरसॉ की यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब ह्यूमनाइड रोबोट्स लैब के कंट्रोल्ड माहौल से बाहर निकलकर हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में कदम रख रहे हैं। आज टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में इतने बड़े बदलाव हो रहे हैं कि चीन जैसे देशों में अब इन रोबोट्स का बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू हो चुका है। ये आधुनिक रोबोट्स अब सिर्फ चलने-फिरने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे अपना बैलेंस बनाने और हवा में छलांग लगाने जैसे कठिन करतब भी आसानी से कर लेते हैं।
इनकी मौजूदगी अब हर क्षेत्र में बढ़ती जा रही हैं। जहां एक ओर एआई-पावर्ड रोबोट्स एयरपोर्ट पर यात्रियों की मदद कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बड़ी फैक्ट्रियों के भारी और जटिल कामों को भी संभाल रहे हैं। इतना ही नहीं, कई कंपनियां अब ऐसे घरेलू रोबोट्स पर भी काम कर रही हैं जो आपके घर का खाना बनाने, साफ-सफाई करने और आपकी लाइफ को पूरी तरह व्यवस्थित करने में सक्षम होंगे। स्पष्ट है कि भविष्य में ये मशीनें हमारे जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा बनने वाली हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest gadget news and mobile reviews, apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news in hindi from Tech and more Hindi News.

कमेंट
कमेंट X