OpenAI: एआई इंपैक्ट समिट के मंच से ओपनएआई का बड़ा तोहफा, दिल्ली के बाद अब मुंबई और बंगलूरू में भी खोलेगा ऑफिस
OpenAI To Open Office In India: ओपनएआई ने भारत में अपने विस्तार का बड़ा एलान करते हुए मुंबई और बंगलूरू में नए ऑफिस खोलने की घोषणा की है। साथ ही कंपनी ने टाटा ग्रुप के साथ मिलकर एआई-रेडी डेटा सेंटर विकसित करने, चैटजीपीटी एंटरप्राइज लागू करने और शिक्षा व स्किल डेवलपमेंट साझेदारियां बढ़ाने की योजना बनाई है।
विस्तार
अमेरिकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी ओपनएआई ने भारत में अपने विस्तार का बड़ा एलान किया है। कंपनी 2026 में मुंबई और बंगलूरू में नए ऑफिस खोलेगी। इससे देश में ओपनएआई की मौजूदगी और मजबूत हो जाएगी। यह घोषणा दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 के दौरान की गई। यहां ओपनएआई ने 'ओपनएआई फॉर इंडिया' पहल भी लॉन्च की। फिलहाल कंपनी का भारत में ऑफिस नई दिल्ली में है और नए ऑफिस खोलने का उद्देश्य व्यवसायों, डेवलपर्स और संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाना है।
दिल्ली में खोला था पहला ऑफिस
ओपनएआई ने अगस्त 2025 में भारत में अपना पहला आधिकारिक ऑफिस नई दिल्ली में खोला था। दिल्ली को इसलिए चुना गया ताकि सरकार और नीति-निर्माताओं के साथ मिलकर एआई भविष्य को आकार दिया जा सके। अब ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने घोषणा की है कि कंपनी जल्द ही बंगलूरू और मुंबई में भी नए ऑफिस खोलने जा रही है। भारत में ओपनएआई के कामकाज का नेतृत्व प्रज्ञा मिश्रा (पब्लिक पॉलिसी हेड) कर रही हैं। इसके अलावा राघव गुप्ता को भारत और एपीएसी (APAC) क्षेत्र के लिए शिक्षा वर्टिकल का नेतृत्व करने के लिए नियुक्त किया गया है। भारत वर्तमान में अमेरिका के बाद ओपनएआई का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन चुका है।
भारत ओपनएआई के लिए बना बड़ा बाजार
ओपनएआई ने कहा कि भारत उसके सबसे बड़े और सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक बन चुका है। कंपनी के अनुसार, भारत में चैटजीपीटी के साप्ताहिक उपयोगकर्ताओं की संख्या 10 करोड़ से अधिक हो गई है। ये देश में एआई की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा कि भारत एआई अपनाने के मामले में अग्रणी देशों में शामिल है। उन्होंने बताया कि कंपनी का उद्देश्य भारत में एआई विकास को समर्थन देने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना और मजबूत साझेदारियां बनाना है। हालांकि कंपनी ने अभी नए ऑफिस खोलने की सटीक समयसीमा या भर्ती से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है। लेकिन यह विस्तार स्पष्ट करता है कि ओपनएआई भारत में लंबे समय तक निवेश और अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए रखने की योजना बना रहा है।
टाटा ग्रुप के साथ डेटा सेंटर साझेदारी
ओपनएआई ने टाटा ग्रुप के साथ मिलकर भारत में एआई-रेडी डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत ओपनएआई, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के हाइपरवॉल्ट डेटा सेंटर का पहला ग्राहक बनेगा। इस प्रोजेक्ट की शुरुआत 100 मेगावाट क्षमता के साथ होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 1 गीगावाट तक किया जा सकता है। इस डेटा सेंटर का उद्देश्य ओपनएआई के एडवांस्ड एआई मॉडल्स को भारत में सुरक्षित और स्थानीय स्तर पर संचालित करना है। इससे डेटा सुरक्षा, डेटा रेजिडेंसी और नियामकीय आवश्यकताओं का बेहतर तरीके से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
टाटा ग्रुप में चैटजीपीटी एंटरप्राइज और कोडेक्स का उपयोग
इस साझेदारी के तहत टाटा ग्रुप आने वाले वर्षों में अपने कर्मचारियों के लिए चैटजीपीटी एंटरप्राइज को लागू करेगा। इसकी शुरुआत टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के कर्मचारियों से की जाएगी। इसके अलावा टीसीएस अपने सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट कार्यों में ओपनएआई के कोडेक्स टूल्स का उपयोग करेगा। इससे कोडिंग प्रक्रिया अधिक तेज, कुशल और उत्पादक बनने की उम्मीद है।
भारत में शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट पर भी फोकस
ओपनएआई ने भारत में अपने सर्टिफिकेशन प्रोग्राम्स का विस्तार करने की घोषणा की है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) अमेरिका के बाहर ओपनएआई सर्टिफिकेशन अपनाने वाली पहली संस्था बनेगी। इसके अलावा ओपनएआई ने भारतीय प्रबंधन संस्थान अहमदाबाद (आईआईएम अहमदाबाद) और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली सहित कई प्रमुख संस्थानों के साथ शिक्षा साझेदारी की घोषणा की है। इसका उद्देश्य छात्रों और पेशेवरों के बीच एआई कौशल को बढ़ावा देना है।
भारत के एआई भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम
ओपनएआई का यह विस्तार भारत के एआई इकोसिस्टम को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए ऑफिस, डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर, एंटरप्राइज उपयोग और शिक्षा साझेदारियों के माध्यम से देश में एआई रिसर्च, स्टार्टअप्स और डिजिटल इनोवेशन को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह पहल भारत को वैश्विक एआई हब बनने की दिशा में और मजबूती प्रदान कर सकती है, साथ ही देश को उभरती एआई अर्थव्यवस्था में एक प्रमुख भूमिका निभाने में मदद कर सकती है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.