सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Technology ›   Tech Diary ›   Is your child studying online classes from smartphone, psychiatric issues could be emerged

क्या आपका बच्चा स्मार्टफोन से कर रहा है ऑनलाइन पढ़ाई, मनोचिकित्सकों ने दी ये चेतावनी

अमित शर्मा, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Harendra Chaudhary Updated Fri, 28 Aug 2020 07:52 PM IST
विज्ञापन
सार

  • स्मार्टफोन पर चल रही बच्चों की ऑनलाइन क्लास, केवल 17 फीसदी छात्र कंप्यूटर -लैपटॉप से करते हैं पढ़ाई  
  • 60 फीसदी बच्चे एक घंटे से चार घंटे रहते हैं ऑनलाइन, 31 फीसदी बच्चे बिता रहे चार घंटे से भी ज्यादा समय  
  • मनोचिकित्सकों की चेतावनी, ज्यादा देर ऑनलाइन रहने से भौतिक दुनिया से कट सकता है बच्चों का नाता

Is your child studying online classes from smartphone, psychiatric issues could be emerged
smartphone education india - फोटो : File Photo
विज्ञापन

विस्तार

कोरोना संक्रमण के डर से स्कूल कॉलेज बंद चल रहे हैं, ऐसे में सभी बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यमों से ही चल रही है। लेकिन एक सर्वे में यह बात सामने आई है कि देश के लगभग 79 फीसदी बच्चे स्मार्टफोन से ही पढ़ाई कर रहे हैं। ऑनलाइन कक्षाओं के लिए कंप्यूटर या लैपटॉप का इस्तेमाल केवल 17 फीसदी बच्चे ही कर रहे हैं।



लगभग 60 फीसदी बच्चे एक घंटे से चार घंटे तक का समय ऑनलाइन पढ़ाई के लिए दे रहे हैं। ऑनलाइन पढ़ाई के लिए ज़ूम और व्हाट्सएप ही सबसे लोकप्रिय माध्यम बनकर उभरे हैं। वहीं, मनोचिकित्सकों की चेतावनी है कि ज्यादा देर ऑनलाइन रहने से बच्चों में व्यवहारगत समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

 
लगभग 400 शहरों के 10 हजार छात्रों पर हुए ‘विद्यासारथी’ की इस रिसर्च में यह तथ्य निकलकर सामने आया है कि लगभग एक तिहाई बच्चे अपने स्कूलों के बनाए गए ऑनलाइन सिस्टम पर पढ़ाई कर रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से इसे मौजूदा विकल्पों में सबसे बेहतर कहा जा रहा है। ऑनलाइन क्लास की खामियां भी सामने आने लगी हैं।
विज्ञापन


सर्वे के मुताबिक 31 फीसदी छात्रों को ऑनलाइन क्लास के दौरान ध्यान केंद्रित करने में समस्या आ रही है, तो 12 फीसदी छात्रों ने कहा है कि ऑनलाइन क्लास के दौरान आने वाली परेशानियों को वे अपने टीचर्स के साथ बेहतर ढंग से साझा नहीं कर पा रहे हैं और उनकी समस्याओं का हल नहीं निकल पा रहा है।
 
लगभग 60 फीसदी छात्र प्रतिदिन एक घंटे से चार घंटे तक की ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि लगभग 31 फीसदी बच्चे 4-8 घंटे तक का समय ऑनलाइन कक्षाओं को दे रहे हैं। इस पूरी प्रक्रिया में उनके ऑनलाइन बने रहने का समय लगातार बढ़ गया है।

ज्यादा ऑनलाइन रहने से बड़ा नुकसान

इंडियन साइकियाट्रिक सोसाइटी के प्रेसीडेंट डॉ. मृगेश वैष्णव ने अमर उजाला को बताया कि ऑनलाइन एक नया सिस्टम है, इसे स्वीकार करके चलना होगा। लेकिन यह ध्यान रखना पड़ेगा कि ज्यादा देर ऑनलाइन रहने से बच्चों में मानसिक समस्याएं पैदा होने लगती हैं। प्रतिदिन तीन घंटे से ज्यादा ऑनलाइन रहने से उनका वास्तिवक जीवन से संपर्क प्रभावित होने लग सकता है।

वे वर्चुअल दुनिया में ही खोये-खोये से रहने लग सकते हैं। सामान्य जीवन में उनके आत्मविश्वास में कमी आने लगती है। वे हमेशा खालीपन जैसा महसूस करने लगेंगे और अपनी समस्याओं का हल अपने माता-पिता या दोस्तों की बजाय वर्चुअल दुनिया में ही खोजने लगेंगे।  
 
सर गंगाराम अस्पताल, दिल्ली में मनोचिकित्सक डॉ. राजीव मेहता ने कहा कि ज्यादा देर ऑनलाइन रहने से शारीरिक गतिविधियों में कमी आती है, ज्यादा देर बैठे रहने से पीठ दर्द की समस्या बढ़ सकती है और नींद भी कम आ सकती है। इनकी वजह से बच्चों में चिड़चिड़ाहट बढ़ सकती है। खेलने के समय में कमी आने से उनमें  सामाजिक व्यवहार विकसित नहीं होगा जिससे वे अपने में ही खोये रह सकते हैं।  
 
इस परेशानी से बचाने के लिए छात्रों को तीन घंटे प्रतिदिन और हफ्ते में पांच दिन से ज्यादा ऑनलाइन क्लास नहीं रखी जानी चाहिए। बच्चों को हफ्ते में चार घंटे से अधिक का होमवर्क नहीं मिलना चाहिए। अगर बच्चा तीन-चार घंटे की ऑनलाइन क्लास ले रहा है, तो घर के अन्य सदस्यों को स्क्रीन टाइम (टीवी, कंप्यूटर) का घटा देना चाहिए।  
 
पढ़ाई के समय भी ब्लू फिल्टर का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इस दौरान मोबाइल या लैपटॉप को सही पोजीशन में रखना चाहिए जिससे शरीर को कम से कम तकलीफ हो। हर 40 मिनट की क्लास के बाद एक ब्रेक होना चाहिए।

स्कूलों में पढ़ाई अभी भी प्राथमिकता

इंटरनेशनल यूनाइटेड एजुकेशनल फ्रटेर्निटी के चेयरमैन जयंत चौधरी ने कहा कि ऑनलाइन कक्षाएं एक विकल्प के तौर पर चलाई जा रही हैं। लेकिन यह कभी भी सामान्य कक्षाओं से होने वाली पढ़ाई का विकल्प नहीं हो सकती। कक्षा में बच्चे सिर्फ सवालों को हल करना ही नहीं सीखते, कक्षाओं में बैठना, शिक्षकों के साथ सीधे किसी विषय पर तार्किक बहस करना और अपने सहपाठियों के व्यवहार से सीखने जैसी बातें ऑनलाइन कक्षाओं में कभी भी नहीं हो सकती।

कोरोना के कारण घटी फोन की बिक्री

कैनालिस रिसर्च के भारतीय प्रतिनिधि रिषभ दोषी ने अमर उजाला को बताया कि कोरोना और लॉकडाउन के कारण स्मार्टफोन बाजार बिलकुल ठप पड़ गया था, लेकिन लॉकडाउन खुलने के साथ ही अब यह दोबारा तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि, 2020 की दूसरी तिमाही में भी कुल स्मार्टफोन की बिक्री में कमी देखी गई है।

उम्मीद है कि इस वर्ष दिवाली के समय स्मार्टफोन की रिकॉर्ड बिक्री होगी और यह पिछले वर्ष की सेल से भी आगे निकल जाएगी। स्मार्टफोन की सेल ऑफलाइन माध्यमों से घटी है, जबकि ई-कॉमर्स के माध्यमों से बढ़ी है। सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले फोन 10 से 20 हजार रुपये की कीमत के बीच वाले सेगमेंट से हैं जिनकी स्क्रीन साइज 6.5 इंच है।
 
कैनालिस के मुताबिक (इस वर्ष की दूसरी तिमाही में) शाओमी की सेल पिछले वर्ष की सेल एक करोड़ तीन लाख स्मार्टफोन से घटकर 53 लाख रह गई है। हालांकि इसके बाद भी शाओमी की मार्केट हिस्सेदारी 30.9 फीसदी के साथ नंबर एक पर है। वीवो के स्मार्टफोन की शिपमेंट 58 लाख से घटकर 37 लाख रह गई है।

सैमसंग ने पिछले वर्ष की दूसरी तिमाही में 73 लाख स्मार्ट फोन बेचे थे, जबकि इस बार यह 29 लाख ही रह गई है। इसी प्रकार ओपो की 30 लाख से 22 लाख और रियलमी की बिक्री 27 लाख से 17 लाख रह गई है। स्मार्टफोन कंपनियों में सबसे टॉप ब्रांड एपल पर कोरोना और आर्थिक मंदी का सबसे कम असर पड़ा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed