नवंबर की शुरुआत टेक जगत के लिए अच्छा नहीं रहा। कभी बैंकिंग सेवाएं ठप हुईं, तो कभी लाखों यूजर्स माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल और ऑफिस सेवाओं का इस्तेमाल नहीं कर पाए। इसी बीच, हैकर्स ने करीब 178 कंपनियों की वेबसाइट्स में मैलवेयर डालकर यूजर्स की पेमेंट और क्रिप्टो वॉलेट से जुड़ी जानकारी चुराने की कोशिश की। वहीं, तकनीकी गड़बड़ियों ने हवाई सेवाओं को भी प्रभावित किया और हजारों उड़ानों में देरी या उन्हें रद्द करना पड़ा। इस दौरान अमेरिका के बड़े बैंकों में शामिल जेपीमॉर्गन चेस (JPMorgan Chase) की सेवाओं में रुकावट आई। माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक, टीम्स और कोपायलट ने भी काम करना बंद कर दिया। यूनाइटेड एयरलाइंस की उड़ानों पर तकनीकी खराबी का असर पड़ा, जबकि अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की संचार व्यवस्था में आई गड़बड़ी के चलते 15 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं या देरी से चलीं।
टेक जगत के लिए भारी रहा नवंबर: बैंकिंग से उड़ान सेवाओं तक सब ठप, वेबसाइट्स पर भी हमला; क्यों आ रहीं गड़बड़ियां
- नवंबर में टेक जगत पर गहराया संकट।
- जेपीमॉर्गन चेस की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित।
- 178 वेबसाइटों में मैलवेयर डाला गया।
- तकनीकी खराबी की वजह से एफएए ने उड़ानों पर लगाई रोक।
जेपीमॉर्गन चेस की तकनीकी खराबी से बैंकिंग सेवाओं पर पड़ा असर
- नवंबर में अमेरिकी बैंकिंग सेवाओं को भी तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा। 16 नवंबर को अमेरिका में हजारों ग्राहकों को अपने बैंक अकाउंट तक पहुंचने में परेशानी हुई। कई यूजर्स ने शिकायत की कि वे ट्रांजैक्शन नहीं कर पा रहे थे। कुछ लोगों को एटीएम पर कार्ड इस्तेमाल करने में भी दिक्कत आई।
- इसके बाद अमेरिका के सबसे बड़े बैंकों में शामिल जेपीमॉर्गन चेस ने अपने सिस्टम में आई खराबी के बारे में एलान किया। बैंक का कहना था कि उसके ऑन-प्रिमाइसेस हार्डवेयर सिस्टम में एक सॉफ्टवेयर बग की वजह से यह परेशानी हुई थी। बैंक ने तो यहां तक यह भी साफ किया कि इस घटना का साइबर हमले से संबंध होने का कोई सबूत नहीं मिला।
- हालांकि, केवल चेस के ग्राहकों ने ही परेशानी की शिकायत नहीं की। वेल्स फार्गो और बैंक ऑफ अमेरिका के कुछ ग्राहकों ने भी बैंकिंग सेवाओं में दिक्कत आने की जानकारी दी।
क्या पूरा अमेरिकी बैंकिंग सिस्टम प्रभावित हुआ था?
जेपीमॉर्गन चेस ने साफ किया कि यह बैंकिंग सिस्टम में आई कोई बड़ी खराबी नहीं थी। बैंक के प्रवक्ता जो इवांजेलिस्टी ने बताया कि दूसरे बैंक तभी प्रभावित हुए होंगे, जब वे चे के साथ किसी ट्रांजैक्शन में शामिल रहे होंगे। ऐसे में भी मुख्य रूप से ट्रांजैक्शन की रफ्तार धीमी हुई होगी। जेपीमॉर्गन चेस करीब 86 मिलियन ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं देता है। बैंक ने बाद में अपनी सेवाएं बहाल कर दीं।
178 कंपनियों की वेबसाइटों में डाला गया मैलवेयर
- नवंबर में सामने आई दूसरी बड़ी घटना साइबर सिक्योरिटी से जुड़ी है। इस मामले में ऑप्टिमाइजली नाम के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके 178 अलग-अलग कंपनियों की वेबसाइटों में मैलवेयर डाला गया।
- बता दें कि ऑप्टिमाइजली एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जिसका इस्तेमाल कंपनियां अपनी वेबसाइट्स पर ए या बी टेस्टिंग जैसे कामों के लिए करती हैं। इसके जरिए कंपनियां वेबसाइट के अलग-अलग डिजाइन और फीचर्स को परखती हैं।
- रिपोर्ट यूआरआई (Report URI) के शोधकर्ताओं ने इस साइबर सुरक्षा घटना का पता लगाया। उनकी रिपोर्ट में सामने आया कि एक हैकर ने ऑप्टिमाइजली प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके कई कंपनियों की वेबसाइट्स में मैलवेयर डाल दिया गया था।
किन बड़ी कंपनियों की वेबसाइटें हुईं प्रभावित?
- इस घटना में कई जानी-मानी कंपनियों की वेबसाइटों का नाम सामने आया। इनमें जूम, बीबीसी, सीएनएन, एचएसबीसी, सेल्सफोर्स, आईकीआ, एयरफ्रांस-केएलएम शामिल हैं।
- इसके खतरों की बात करें तो इस मैलवेयर के जरिए हैकर उन यूजर्स की संवेदनशील जानकारी चुरा सकता था, जो इन वेबसाइट्स पर आते थे। इसमें क्रिप्टो वॉलेट और पेमेंट से जुड़ी जानकारी शामिल थी। रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना से जुड़े एक क्रिप्टो वॉलेट में करीब 7,040 डॉलर यानी लगभग 6.6 लाख रुपये पहुंचे। हालांकि, ऑप्टिमाइजली ने इस सुरक्षा कमी को ठीक कर दिया है। कंपनी ने प्रभावित सभी ग्राहकों को इस घटना की जानकारी भी दे दी है।
यूनाइटेड एयरलाइंस के सिस्टम में खराबी
- वहीं, नवंबर में ही अमेरिकी एयरलाइन यूनाइटेड एयरलाइंस को भी तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। कंपनी के वेब आधारित सिस्टम में आई खराबी की वजह से कई एप्लिकेशन प्रभावित हुए। इनका इस्तेमाल पायलट और क्रू सदस्य आपस में बातचीत और जरूरी जानकारियां साझा करने के लिए करते हैं।
- राॅयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्रभावित एप्लिकेशन में वे सिस्टम भी शामिल थे, जिनका इस्तेमाल विमान के अंतिम वजन की गणना करने के लिए किया जाता है। इस तकनीकी खराबी की वजह से एयरलाइन को अपनी उड़ानों में देरी करनी पड़ी। हालांकि, कंपनी ने करीब एक घंटे में इस समस्या को सुलझा लिया।
- यूनाइटेड एयरलाइंस नेस्पष्ट किया कि यह साइबर हमला नहीं था। कंपनी के मुताबिक, इस घटना में साइबर सुरक्षा से जुड़ी किसी समस्या का संकेत नहीं मिला।
- खास बात यह रही कि जो विमान पहले से हवा में थे, उन पर इस खराबी का कोई असर नहीं पड़ा। वहीं, एयरलाइन की क्षेत्रीय शाखा यूनाइटेड एक्सप्रसे भी इससे प्रभावित नहीं हुई।
FAA की खराबी से 10,000 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित
- जबकि यूनाइटेड एयरलाइंस की तकनीकी समस्या के मुकाबले कुछ दिन पहले अमेरिकी विमानन व्यवस्था में आई खराबी का असर कहीं ज्यादा बड़ा था। 13 नवंबर को अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने संचार व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी के बाद पूरे देश में उड़ानों पर रोक यानी ग्राउंड स्टॉप का आदेश दिया था।
- इस घटना के कारण अमेरिका में दस हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द या देरी से चलीं। यह 9/11 के बाद अमेरिकी विमानन व्यवस्था में उड़ानों पर लगी सबसे बड़ी और लंबी रोक बताई गई।
एक राउटर से कैसे बिगड़ी पूरी व्यवस्था?
- अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने बताया कि हाल ही में लगाए गए एक राउटर ने एफटीआई नेटवर्क पर बार-बार बड़ी संख्या में कनेक्शन रिक्वेस्ट भेजीं। इससे नेटवर्क पर दबाव बढ़ गया और 17 कंट्रोल सेंटरों में विमानों के कम्युनिकेशन और रडार फीड में रुकावट आने लगी।
- उनका कहना है कि स्विच और राउटर डेटा की वजह से ओवरलोड हो गया। इससे मिलने वाले डेटा में भी गड़बड़ियां आने लगीं। इसी वजह से सिस्टम को बंद करने का फैसला लिया गया।
पुरानी कॉपर लाइनों को फाइबर में बदलने का काम भी था जारी
- रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा था कि एफएए के नेटवर्क कॉन्ट्रैक्टर एल3हैरिस की ओर से अर्कांसस के एल डोराडो में एक रिमोट साइट पर पुरानी कॉपर लाइनों को फाइबर लाइनों से बदला जा रहा था।
- इस दौरान आई नेटवर्क संबंधी परेशानी का असर पूरे अमेरिका की उड़ानों पर पड़ा। लाखों यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। यह शटडाउन करीब चार घंटे तक चला। हालांकि, परिवहन सचिव शॉन डफी ने साफ किया कि रडार और कम्युनिकेशन व्यवस्था पूरी तरह बंद नहीं हुई थी। इस दौरान हजारों विमानों को सुरक्षित उतारने में सफलता मिली। उन्होंने यह भी कहा कि एफएए की घटना का माइक्रोसॉफ्ट में आई तकनीकी खराबी को लेकर कोई संबंध नहीं था।
