व्हाट्सएप एंड्रॉइड पर आजमा रहा डुअल कैमरा मोड: दोनों कैमरों से एक साथ हो सकेगी शूटिंग, जानें कैसे करेगा काम?
- व्हाट्सएप एंड्रॉइड बीटा पर डुअल कैमरा मोड की टेस्टिंग कर रहा है।
- इस फीचर में आगे और पीछे का कैमरा एक साथ चलेगा है।
- पीछे का कैमरा मुख्य व्यू रहता है और आपका चेहरा छोटी विंडो में दिखता है.
- रोटेट बटन से दोनों व्यू की अदला-बदली होती है।
- फिलहाल यह सीमित बीटा टेस्टर के पास है।
विस्तार
कॉन्सर्ट में अपना पसंदीदा गाना बज रहा हो और आप स्टेज के साथ-साथ अपना रिएक्शन भी रिकॉर्ड करना चाहें, तो अब तक एक को ही चुनना पड़ता था। व्हाट्सएप इस झंझट को खत्म करने की तैयारी में है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी एंड्रॉइड पर एक नया डुअल कैमरा मोड आजमा रही है, जो फोन के आगे और पीछे वाले दोनों कैमरे एक साथ चलाकर एक ही फोटो या वीडियो बनाता है। फिलहाल यह सिर्फ कुछ बीटा टेस्टर के पास है।
कैसे काम करेगा डुअल मोड?
वाबीटाइन्फो की नजर में आए इस फीचर के मुताबिक यूजर फ्रंट और रियर, दोनों कैमरों से एक साथ रिकॉर्ड कर सकेंगे। दोनों नजारे जुड़कर एक ही फोटो या वीडियो बन जाएंगे, जिसे दोस्तों और परिवार को भेजा जा सकता है। शुरुआती सेटअप में पीछे वाला कैमरा मुख्य व्यू रहेगा, जबकि आपका चेहरा स्क्रीन पर एक छोटी विंडो में दिखेगा। यानी जो चीज सामने हो रही है और उस पर आपका रिएक्शन, दोनों एक ही फ्रेम में कैद हो जाएंगे और अलग-अलग शूट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह सुविधा फोटो और वीडियो, दोनों के लिए बताई गई है।
छोटी विंडो आपकी मर्जी से
इस फीचर में लेआउट के साथ खेलने की गुंजाइश भी रखी गई है। छोटी कैमरा विंडो को उंगली से खींचकर स्क्रीन पर कहीं भी रखा जा सकता है, इसलिए डिफॉल्ट जगह पर टिके रहना जरूरी नहीं है। रिएक्शन कोने में चाहिए तो वहीं रहने दें, और अगर वह किसी जरूरी चीज को ढक रहा हो तो उसे दूसरी जगह खिसका दें। इसके अलावा रोटेट बटन दबाने पर दोनों व्यू की अदला-बदली हो जाती है। तब आगे वाला कैमरा पूरी स्क्रीन पर आ जाता है और पीछे वाला छोटे फ्रेम में चला जाता है, जबकि दोनों कैमरे फुटेज रिकॉर्ड करते रहते हैं।
शेयर और एडिट के विकल्प
- तैयार फोटो या वीडियो को सीधे वॉट्सऐप की चैट में दोस्तों या परिवार को भेजा जा सकेगा।
- ग्रुप में शेयर करने का विकल्प भी मिलेगा, ताकि पूरी टोली एक साथ वह पल देख सके।
- वॉट्सऐप चैनल पर भी इसे पोस्ट किया जा सकेगा।
- स्टेटस अपडेट के रूप में भी इसे लगाया जा सकेगा।
- भेजने से पहले कैप्शन जोड़ने की सुविधा रहेगी।
- एडिट करने का मौका भी मिलेगा, यानी भेजने से पहले उसे सुधारा जा सकेगा।
- दोनों कैमरों का फुटेज एक साथ बनता है, इसलिए दो बार शूट करने की जरूरत नहीं पड़ती।
अभी किसके पास है यह फीचर
फिलहाल डुअल कैमरा मोड सिर्फ सीमित संख्या में एंड्रॉइड बीटा टेस्टर के लिए है। वाबीटाइन्फो के मुताबिक कंपनी इसे बीटा वर्जन 2.26.46.9 के जरिए कुछ यूजर तक पहुंचा रही है, जो गूगल प्ले स्टोर से बीटा प्रोग्राम में शामिल हैं। वॉट्सऐप धीरे-धीरे यह सुविधा बांट रही है, इसलिए लेटेस्ट बीटा इंस्टॉल कर लेने भर से यह विकल्प तुरंत दिख जाए, यह जरूरी नहीं है। कंपनी ने अब तक न इसकी सार्वजनिक रिलीज की तारीख बताई है और न यह कि बाकी यूजर तक यह कब पहुंचेगा।
किनके लिए काम की चीज
सबसे ज्यादा फायदा उन लोगों को हो सकता है, जो अपने अनुभव को कैमरे में कैद करके दोस्तों तक पहुंचाना पसंद करते हैं। वीडियो बनाने वाले, घूमने-फिरने वाले और खुद को तस्वीर में रखना चाहने वाले लोग इसे खासतौर पर आजमा सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक कई बार पल जितना अहम होता है, उस पर आपका रिएक्शन भी उतना ही मायने रखता है। हालांकि फीचर अभी शुरुआती दौर में है और सिर्फ कुछ टेस्टर के पास है। इसलिए इसे फिलहाल टेस्टिंग वाला फीचर ही मानना चाहिए, पक्की सुविधा नहीं, और आम यूजर को रिलीज की तारीख का इंतजार करना होगा।
