'सीएम ही दिलाएंगे न्याय': भाजपा कार्यकर्ता के बड़े भाई ने बदला बयान, एक दिन पहले कहा था- न्याय नहीं मिलने वाला
गाजीपुर में बीते गुरुवार की भोर में घायल भाजपा कार्यकर्ता की माैत हो गई थी। कांग्रेस नेता परिजनों से मिलने पहुंचे थे। इसके बाद परिवार ने खुद को भाजपा का सपोर्टर बताया। सियाराम के बड़े भाई ने इस पर मीडिया से बातचीत की है।

विस्तार
Ghazipur News: पुलिस की बर्बरता और लाठीचार्ज में घायल दिव्यांग भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय के बड़े भाई शशिकांत उपाध्याय का दर्द शनिवार की उभरकर सामने आया। पहले बोले न्याय की कोई उम्मीद नहीं है, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीएम से ही न्याय की उम्मीद है।

शाम में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि सुबह लोगों की बात सुनकर कहा था कि पैसा नहीं न्याय चाहिए। प्रशासन से कोई पैसा नहीं मिला है। भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी दुख की घड़ी में मेरे साथ खड़े हैं।
सुबह सोशल मीडिया के प्लेटफार्म फेसबुक पर मृत सियाराम उपाध्याय के बड़े भाई का बयान वायरल हो रहा था, जिसमें वह कह रहे थे कि अब न्याय नहीं मिलने वाला है। सरकार कितना न्याय दिलाएगी समझ में आ गया है। कहा कि प्रशासन से मिला दस लाख रुपये वह वापस करने को राजी हैं, किसी की हमदर्दी नहीं चाहिए।
बयां किया दर्द
शाम में उन्होंने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि मैं और मेरा परिवार भाजपा का कार्यकर्ता है, जो लोग कुछ बोले थे और हंगामा चल रहा है। यह देखकर मन काफी दुखी हुआ था। सरकार के खिलाफ गलत नहीं बोला हूं, न्याय प्रदेश के मुख्यमंत्री ही दिलाएंगे।
लोग आपस में बात कह रहे थे कि पैसा लेकर केस को रफादफा कर रहे हैं, ऐसे में मैंने कहा कि प्रशासन जो भी आर्थिक मदद करेगा, उसे वापस कर दूंगा। प्रशासन से कोई पैसा नहीं मिला है। दुख था कि भाई को कहा गया था कि वह भाजपा कार्यकर्ता नहीं है। इससे क्रोध में आकर कह दिया था। अब भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी साथ खड़े हैं।
भाजपा के बड़े नेताओं ने आकर सांत्वना दी और न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। मृत छोटे भाई की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जब हार्ट अटैक से मौत होने की बात सामने आई तो काफी दुखी हुआ था। प्रशासनिक अधिकारियों ने बोला था कि न्याय दिलाया जाएगा, उनकी बात से संतुष्ट हूं।