{"_id":"6ac76af9856036a10803bd0b","slug":"python-found-lying-in-field-in-ghazipur-after-swallowing-a-nilgai-calf-2026-10-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"गाजीपुर: नीलगाय के बच्चे को निगलकर खेत में पड़ा था 12 फीट का अजगर, वन विभाग की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गाजीपुर: नीलगाय के बच्चे को निगलकर खेत में पड़ा था 12 फीट का अजगर, वन विभाग की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
Thu, 08 Oct 2026 03:52 PM IST
किशन चौबे
संवाद न्यूज एजेंसी, गाजीपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, गाजीपुर
Published by: किशन चौबे
Updated Thu, 08 Oct 2026 03:52 PM IST
सार
गाजीपुर के औड़िहार-सैदपुर क्षेत्र के फुलवारी कलां गांव में धान के खेत में करीब 12 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। अजगर नीलगाय के बच्चे को निगलकर खेत में पड़ा था। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित कब्जे में लिया।
विज्ञापन
गाजीपुर: नीलगाय के बच्चे को निगलकर अजगर
- फोटो : Samvad News Agency
विस्तार
औड़िहार-सैदपुर क्षेत्र के फुलवारी कलां गांव में बृहस्पतिवार सुबह धान के खेत में करीब 12 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। अजगर नीलगाय के बच्चे को निगलने के बाद खेत में पड़ा था। धान की फसल देखने पहुंचे किसान रामबचन यादव की नजर विशालकाय अजगर पर पड़ी तो वह घबरा गए। शोर मचाते हुए किसान खेत से बाहर भागे। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
विज्ञापन
गांव निवासी विशाल सिंह ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही वन विभाग के निशिकांत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने ग्रामीणों को अजगर से दूर रहने की हिदायत दी और सावधानी से उसका रेस्क्यू शुरू किया।
विज्ञापन
रेस्क्यू के दौरान अजगर ने उगला नीलगाय का बच्चा
रेस्क्यू के दौरान अजगर ने निगले हुए मृत नीलगाय के बच्चे को उगल दिया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने करीब 12 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित कब्जे में ले लिया। अजगर के खेत में मिलने की खबर आसपास के गांवों में भी फैल गई। उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
विज्ञापन
वन विभाग की टीम अजगर को अपने साथ ले गई। टीम के मुताबिक, उसे आबादी से दूर किसी सुरक्षित प्राकृतिक जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। घटना के बाद किसान कुछ देर तक खेत में जाने को लेकर सहमे रहे।